लखीसराय : मंदिर में चोरी की घटना से श्रद्धालुओं में आक्रोश
लखीसराय के शिव मंदिर में चोरी की घटना हुई, जिसमें चोरों ने 20 हजार रुपये से अधिक की संपत्ति चुरा ली। चोरों ने पहले पंडित जी के आवास पर चोरी की कोशिश की और फिर मंदिर में रखे पीतल के कलश और नकद पैसे चुरा लिए। पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है।

लखीसराय, एक प्रतिनिधि। नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत सदर प्रखंड कार्यालय के पीछे तथा सदर अंचल कार्यालय और आवास के बीच स्थित शिव मंदिर में सोमवार की देर रात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों ने मंदिर को निशाना बनाते हुए करीब 20 हजार रुपये से अधिक की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की इस घटना से स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में आक्रोश का माहौल है। वही चोरों ने सबसे पहले पंडित जी के आवास पर निशाना बनाया और वहां गोदरेज का ताला तोड़कर उसमें रखे सामान की चोरी की तथा कांति से मंदिर के ग्रिल को भी तोड़ने का प्रयास किया लेकिन ग्रिल नहीं टूट पाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चोरों ने मंदिर में रखे पीतल के कलश, गोदरेज में रखे नकद पैसे सहित अन्य कीमती सामान की चोरी कर ली। मंगलवार सुबह जब मंदिर के पुजारी पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे तो ताले टूटे देख चोरी की जानकारी हुई। इसके बाद तत्काल नगर थाना को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही नगर थाना अध्यक्ष सुनील कुमार साहनी दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मंदिर परिसर व आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की तथा चोरी से संबंधित सुराग जुटाने का प्रयास किया। मंदिर के पुजारी से भी चोरी गए सामान और घटना के समय को लेकर विस्तृत जानकारी ली गई। सबसे अहम बात यह है कि जिस स्थान पर मंदिर स्थित है, उसके पास ही अंचल कार्यालय के पदाधिकारी के यहां सरकारी पुलिस गार्ड की तैनाती रहती है और उसे रात में सुरक्षा ड्यूटी भी देनी होती है। इसके बावजूद इस तरह की चोरी की घटना होना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। इसे लेकर पुलिस ने वहां तैनात पुलिसकर्मियों से भी पूछताछ की है और ड्यूटी में किसी प्रकार की लापरवाही की जांच की जा रही है। नगर थाना अध्यक्ष सुनील कुमार साहनी ने बताया कि चोरी की घटना की सूचना मिली है और पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। चोरों की गिरफ्तारी के लिए अभियान छेड़ दिया गया है तथा जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है, ताकि चोरों तक जल्द से जल्द पहुंचा जा सके।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


