Bhagalpur News: एआई पर आंख मूंद भरोसा करना सही नहीं
Bhagalpur News: भागलपुर के बीएन कॉलेज में शनिवार को छह दिवसीय फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम की शुरुआत हुई। इसकी थीम ‘नेक्स्ट जेनरेशन एकेडमिया : हार्नेशिंग आईसीटी एंड एआई फॉर टीचिंग, लर्निंग एंड रिसर्च’ है। पहले दिन चार तकनीकी सत्र आयोजित हुए, जिसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की भूमिका पर चर्चा की गई।

Bhagalpur News: भागलपुर, वरीय संवाददाता बीएन कॉलेज में छह दिवसीय फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम (एफडीपी) की शुरुआत शनिवार को हो गई। यह आयोजन यूजीसी मालवीय मिशन टीचर ट्रेनिंग सेंटर (एमएमटीटीसी), पटना विवि के सहयोग से हो रहा है। इसका विषय ‘नेक्स्ट जेनरेशन एकेडमिया : हार्नेशिंग आईसीटी एंड एआई फॉर टीचिंग, लर्निंग एंड रिसर्च’ रखा गया है। एफडीपी की विधिवत शुरुआत टीएमबीयू के कुलसचिव डॉ. रामाशीष पूर्वे, कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अनिरूद्ध कुमार सहित अन्य लोगों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलन कर किया।
पहला दिन और तकनीकी सत्र
पहले दिन चार महत्वपूर्ण तकनीकी सत्रों का आयोजन किया गया। इसमें शिक्षा और अनुसंधान में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की भूमिका पर विस्तार से चर्चा हुई। राज्यपाल के सलाहकार प्रो. बीके त्रिपाठी ने ऑनलाइन माध्यम से भारत-केंद्रित शिक्षा प्रणाली की ओर बढ़ने पर जोर दिया, जिसका उद्देश्य मनुष्यों की बौद्धिक, शारीरिक, सामाजिक, भावनात्मक और नैतिक क्षमताओं को एकीकृत करना है। वर्तमान पश्चिमी-प्रभावित शिक्षा प्रणाली की तुलना पारंपरिक भारतीय ढांचे से करते हुए, उन्होंने गुरु-शिष्य परंपरा के मूल मूल्यों और नालंदा तथा तक्षशिला जैसे बौद्ध परंपराओं में पाए जाने वाले समृद्ध शिक्षण वातावरण की वकालत की।
तकनीकी सत्रों का विवरण
दूसरे तकनीकी सत्र में प्रचंड प्रवीर ने आधुनिक समय में भाषा शिक्षण : डिजिटल युग में एआई की भूमिका और प्रभाव पर अपनी बातें विस्तार से रखी। तीसरे तकनीकी सत्र में बीसीई के डॉ. राज अन्वित ने शोध पत्र तैयार करने में एआई के उपयोग और महत्व पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि एआई को दिए गए सही प्रोम्प्ट निर्देशन के अनुसार ही उसका सही इस्तेमाल संभव है और एआई कंटेंट पर आंख मूंद कर विश्वास करना भी सही नहीं है।
अंतिम सत्र और उपस्थित लोग
चौथे तकनीकी सत्र में प्रो. टी दासगुप्ता ने ऑनलाइन माध्यम से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मूल बातों पर अपनी राय रखी। इस मौके पर एफडीपी के विवि नोडल अधिकारी डॉ. कमल प्रसाद, कॉलेज के समन्वयक डॉ. आरती कुमारी, सहायक समन्वयक डॉ. अंबिका कुमार सहित अन्य मौजूद थे। धन्यवाद ज्ञापन डॉ. शैलेश आनंद ने किया।


