चिकित्सक की टीम ने किया तेघड़ा गांव के बगीचा का निरीक्षण

Mar 01, 2026 05:43 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, भागलपुर
share Share
Follow Us on

हवेली खड़गपुर में बर्ड फ्लू के संभावित खतरे को देखते हुए पशुपालन विभाग सक्रिय हो गया है। तेघड़ा गांव में कौओं की मौत के बाद निरीक्षण किया गया। जांच रिपोर्ट का इंतजार है, लेकिन हाल में कोई नई मौत नहीं हुई। विभाग ने ग्रामीणों से असामान्य मौत की सूचना देने की अपील की है।

चिकित्सक की टीम ने किया तेघड़ा गांव के बगीचा का निरीक्षण

हवेली खड़गपुर। जिले में बर्ड फ्लू की आशंका को देखते हुए पशुपालन विभाग सक्रिय हो गया है। तेघड़ा गांव में पिछले दिनों उमाशंकर पासवान के बगीचा में दर्जनों कौआ की मौत के बाद पशुपालन विभाग सक्रिय होकर आसपास के बगीचा और पोल्ट्री फार्म का निरीक्षण कर आवश्यक दवाइयों के छिड़काव के साथ मुर्गा आदि के स्वाब और सीरम लेकर जांच के लिए भेजा था। फिलहाल रिपोर्ट नहीं आई है लेकिन लोगों की निगाहे रिपोर्ट पर टिकी हुई है। वहीं जिला पशुपालन पदाधिकारी, मुंगेर के आदेशानुसार प्रखंड के तेघड़ा गांव में कौओं की मौत की घटना की जांच को लेकर पशुपालन विभाग की टीम को अलर्ट मोड में रहने को कहा गया है।

जिला पशुपालन पदाधिकारी के आदेश पर रविवार को भ्रमणशील पशु चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार समेत पशु चिकित्सकों और कर्मियों की टीम ने तेघड़ा गांव स्थित उमाशंकर पासवान के बगीचे का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डॉ. संजय कुमार ने बताया कि पिछले 12 दिनों से गांव में एक भी मृत कौआ नहीं पाया गया है। ग्रामीणों ने भी पुष्टि की कि हाल के दिनों में कौओं की मौत का कोई नया मामला सामने नहीं आया है। इससे क्षेत्र में फैली आशंका अब काफी हद तक समाप्त हो गई है। डॉ. कुमार ने बताया कि आसपास स्थित मुर्गी फार्मों का भी निरीक्षण किया गया, जहां किसी भी मुर्गी की असामान्य मौत की सूचना नहीं है। 18 फरवरी को मृत कौओं का सैंपल जांच के लिए भेजा गया था। साथ ही रतनी, बिनलपुर आदि के पोल्ट्री फार्म में मुर्गा आदि के ब्लड सीरम एवं स्वाब के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए थे। हालांकि अब तक जांच रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई है। रिपोर्ट आने के बाद ही कौआ की मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा गठित टीम लगातार क्षेत्र में निगरानी कर रही है। मानक के अनुसार दवा का छिड़काव भी नियमित रूप से कराया जा रहा है, ताकि किसी भी संभावित संक्रमण को रोका जा सके। पशुपालन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि किसी भी पक्षी या पशु की असामान्य मौत की सूचना तुरंत विभाग को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।