लखीसराय: राज्य स्तरीय महिला फुटबॉल लीग को लेकर आरके मैदान में तैयारियां तेज, डीएम ने किया निरीक्षण
लखीसराय में 31 मार्च से शुरू होने वाली बिहार चैंपियनशिप महिला फुटबॉल लीग के लिए तैयारियां जोरों पर हैं। जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने मैदान और खिलाड़ियों की सुविधाओं का जायजा लिया। महिला खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था नगर भवन में की गई है और सुरक्षा तथा स्वास्थ्य सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।

लखीसराय, एक प्रतिनिधि। 31 मार्च से शुरू होने वाली राज्य स्तरीय बिहार चैंपियनशिप महिला फुटबॉल लीग प्रतियोगिता को लेकर शहर के नया बाजार स्थित केआरके मैदान में जोर-शोर से तैयारियां चल रही हैं। प्रतियोगिता को भव्य और व्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। तैयारियों का जायजा लेने रविवार को जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र एवं यातायात डीएसपी अजय कुमार मैदान पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मैदान की स्थिति, खिलाड़ियों के ठहरने, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य जरूरी सुविधाओं की विस्तृत जानकारी ली। अधिकारियों ने संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो और खिलाड़ियों को हर सुविधा समय पर उपलब्ध कराई जाए।
जिलाधिकारी ने बताया कि बाहर से आने वाली सभी महिला खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था नगर भवन में की गई है, जहां 30 मार्च तक सभी टीमों के पहुंचने की संभावना है। खिलाड़ियों को किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए भोजन, सुरक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है। मैदान को आकर्षक और अंतरराष्ट्रीय स्तर की झलक देने के लिए ग्राउंड के चारों ओर 8 टावर लाइट लगाए जा रहे हैं, जिससे डे-नाइट मैच का आयोजन किया जा सके। यह पहली बार होगा जब जिले में इस तरह का आयोजन हो रहा है, जिससे खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। डीएम मिथिलेश मिश्र ने कहा कि यह प्रतियोगिता जिले के लिए गौरव का विषय है और इसे शांतिपूर्ण एवं सफल तरीके से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने और ट्रैफिक नियंत्रण के लिए विशेष योजना बनाने के निर्देश भी दिए। स्थानीय लोगों में भी इस आयोजन को लेकर उत्साह है और बड़ी संख्या में दर्शकों के मैदान में पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। निरीक्षण के दौरान स्काई विजन के संरक्षक बबलू शर्मा, मोहम्मद सन्नू, राजेश कुमार रंजीत कुमार सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद थे। संभावना जताई जा रही है कि कार्यक्रम के शुभारंभ के दिन खेल मंत्री श्रेयसी सिंह भी उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा के साथ केआरके मैदान आएंगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


