Bhagalpur News: मुंगेर: जिले में भी बनेगा ट्रॉमा सेंटर, दुर्घटना पीड़ितों को मिलेगी नई जिंदगी
Bhagalpur News: मुंगेर जिले में आधुनिक ट्रॉमा केयर सेंटर के निर्माण की मंजूरी मिल गई है। इसका उद्देश्य दुर्घटना पीड़ितों को 'गोल्डन आवर' के भीतर बेहतर चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराना है। यह सेंटर 112 एम्बुलेंस सेवा से जुड़ जाएगा, जिससे समय पर इलाज संभव होगा। स्थानीय लोगों में इस खबर से खुशी का माहौल है।

Bhagalpur News: मुंगेर, निज संवाददाता। राज्य सरकार के स्वास्थ्य विभाग द्वारा बिहार में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और दुर्घटना पीड़ितों को समय पर इलाज मुहैया कराने के उद्देश्य से लिए गए बड़े निर्णय के बाद अब मुंगेर जिले में भी आधुनिक ट्रॉमा केयर सेंटर के निर्माण का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है। सरकार के इस दूरगामी प्रस्ताव से मुंगेर वासियों को आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक बहुत बड़ी राहत मिलने जा रही है। स्वास्थ्य मंत्री के निर्देशों के आलोक में तैयार की गई इस योजना के तहत मुंगेर के सदर अस्पताल को लेवल-3 ट्रॉमा सेंटर के रूप में विकसित और मैपिंग में शामिल किए जाने की पूरी तैयारी है। अब तक गंभीर सड़क हादसों या आपात स्थिति में मरीजों को बेहतर इलाज के लिए पटना या अन्य बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था, जिससे अक्सर रास्ते में ही कीमती समय बर्बाद हो जाता था। लेकिन अब मुंगेर में ही ट्रॉमा सेंटर स्थापित हो जाने से स्थानीय स्तर पर ही विशेषज्ञ डॉक्टरों और अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों की मदद से त्वरित इलाज संभव हो सकेगा。
'गोल्डन आवर' में मिलेगा नया जीवनः
सड़क दुर्घटनाओं के मामले में हादसों के तुरंत बाद का पहला एक घंटा, जिसे चिकित्सकीय भाषा में 'गोल्डन आवर (60 मिनट)' कहा जाता है, मरीज की जान बचाने के लिए सबसे संवेदनशील और महत्वपूर्ण माना जाता है। मुंगेर में ट्रॉमा केयर सेंटर की सुविधा मिलने से दुर्घटनाग्रस्त मरीजों को इस 'गोल्डन आवर' के भीतर ही निकटतम केंद्र पर विशेषज्ञ चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराई जा सकेगी।
112 एम्बुलेंस सेवा से जुड़ेगा केंद्रः
इस योजना के तहत जिले के ट्रॉमा सेंटर को राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों के नेटवर्क के साथ-साथ आपातकालीन एम्बुलेंस सेवा 112 से सीधे जोड़ा जाएगा। इससे हादसे की सूचना मिलते ही मरीज को बिना किसी देरी के सीधे ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया जा सकेगा।
स्थानीय लोगों में खुशी की लहरः
मुंगेर जिले में ट्रॉमा सेंटर बनने की इस खबर से स्थानीय नागरिकों, समाजसेवियों और बुद्धिजीवियों में खुशी की लहर है। लोगों का कहना है कि लंबे समय से जिले में एक सर्वसुविधायुक्त ट्रॉमा सेंटर की मांग की जा रही थी। इस पहल से न केवल मुंगेर शहर बल्कि आसपास के ग्रामीण इलाकों के हजारों लोगों को आपातकालीन स्थिति में तुरंत और बेहतर इलाज मिल सकेगा, जिससे असमय होने वाली मौतों पर काफी हद तक अंकुश लगाया जा सकेगा।
मुंगेर के सदर अस्पताल में लेवल-3 ट्रॉमा सेंटर की स्थापना स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक मील का पत्थर साबित होगी। 112 एम्बुलेंस सेवा से जुड़ने से 'गोल्डन आवर' में दुर्घटना पीड़ितों को तत्काल विशेषज्ञ इलाज मुहाया कराया जा सकेगा। इससे गंभीर मरीजों को पटना या अन्य बड़े शहरों में रेफर करने की जरूरत नहीं पड़ेगी और बहुमूल्य जानें बचाई जा सकेंगी।- डॉ राजू, सिविल सर्जन मुंगेर।


