नल से बह रहे पानी से टूट रही सड़क हो रही परेशानी
बिहार सरकार की सात निश्चय योजना के तहत नल जल योजना प्रखंड की पंचायतों में लागू की गई है। लेकिन नल कमजोर हैं, जिससे लोग पानी की कमी का सामना कर रहे हैं। पानी सड़क पर बह रहा है, जिससे सड़कें भी खराब हो रही हैं। स्थानीय अधिकारी मामले की जांच करने का आश्वासन दिया है।

पीरपैंती निज प्रतिनिधि बिहार सरकार के महत्वाकांक्षी सात निश्चय योजना के तहत नल जल योजना का काम प्रखंड की कई पंचायतों में लोगों की सुविधा के लिए किया गया है, ताकि पंचायत वासियों को पानी की कोई दिक्कत नहीं हो। लेकिन ज्यादातर नल जो लगाए गए हैं वे बेहद कमजोर हैं और जैसे-तैसे लगा दिए गए हैं। ज्यादातर जगह टोंटी टूट भी गया है। ठीक सड़क किनारे नल लगाए गए हैं। जिससे की पानी सड़क पर बहता रहता है। कई लोग पानी लेने के बाद नल खुली छोड़ देते हैं। सड़क पर पानी पर बहने से सड़क भी टूटती जा रही है और लोगों को परेशानी हो रही है।
प्रखंड की बारा पंचायत में संतोषी साह के घर के पास से गोपाल तांती के घर से सत्य नारायण शर्मा के घर तक सड़क पर बिन बारिश सालों भर जल और कीचड़ जमाव हो रहा है। जबकि लगातार पानी बहते रहने से सड़क गड्ढ़ों में तब्दील हो रही है। जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। स्थानीय लोगों ने कहा कि गर्मी के दिनों में कई वार्डों में बूंद-बूंद पानी के लिए लोग तरसते हैं। उस वक्त एक से डेढ़ किलोमीटर दूर से पानी लाना पड़ता है। लेकिन अभी पानी सड़क पर बहा रहा है। इस मामले में प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी कामेश्वर नारायण ने कहा कि पंचायती राज विभाग की संचालित नल जल योजना को लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग को हस्तांतरित कर दिया गया है। इसलिए अनुरक्षण की जिम्मेदारी उनकी है। मामला हमारे संज्ञान में भी आया है तो हम इसकी जांच पड़ताल कर नियम संगत कार्रवाई करेंगे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




