पूर्णिया : संतमत-सत्संग अधिवेशन की तैयारी का अधिकारियों ने लिया जायजा
जानकीनगर में 18-19 मार्च को होने वाले दो दिवसीय संतमत-सत्संग अधिवेशन की प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। बनमनखी के एसडीओ प्रमोद कुमार और एसडीपीओ शैलेश प्रीतम ने स्थल का निरीक्षण किया। स्वामी लालजी महाराज ने सुरक्षा, मेडिकल कैंप और अन्य सुविधाओं की मांग की। अधिवेशन में बड़ी संख्या में साधु-संत और श्रद्धालु आएंगे।

जानकीनगर, एक संवाददाता। आगामी 18 और 19 मार्च को चकमका बाजार स्थित संतमत-सत्संग आश्रम में आयोजित होने वाले दो दिवसीय बिहार प्रांतीय संतमत-सत्संग अधिवेशन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में बनमनखी के अनुमंडल पदाधिकारी प्रमोद कुमार और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शैलेश प्रीतम ने सत्संग स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जानकीनगर थानाध्यक्ष परिक्षित पासवान, चकमका ओपी प्रभारी विवेक कुमार और रूपेश्वरी ओपी प्रभारी कुमारी अनुष्का रानी भी मौजूद रहे। इस दौरान संतमत-सत्संग आश्रम चकमका के स्वामी लालजी महाराज ने प्रशासन को अवगत कराया कि अधिवेशन में देश-विदेश से बड़ी संख्या में साधु-संत और श्रद्धालु पहुंचेंगे।
उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, मेडिकल कैंप, एम्बुलेंस, शुद्ध पेयजल, शौचालय और अग्निशमन दल की व्यवस्था कराने की मांग की। साथ ही बताया कि 17 मार्च को अधिवेशन से पहले शोभायात्रा भी निकाली जाएगी। इस पर एसडीओ प्रमोद कुमार और एसडीपीओ शैलेश प्रीतम ने सत्संग समिति और स्थानीय लोगों को आश्वस्त किया कि कार्यक्रम के दौरान सभी आवश्यक सुविधाएं और सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी। बताया गया कि अधिवेशन में चतुरानंदजी महाराज भी शामिल होंगे। फिलहाल दो दिवसीय संतमत-सत्संग अधिवेशन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


