लखीसराय: पुलिस अवर निरीक्षक प्रारंभिक परीक्षा को लेकर समाहरणालय में संयुक्त ब्रीफिंग, कदाचारमुक्त परीक्षा पर जोर
लखीसराय में पुलिस अवर निरीक्षक पद की परीक्षा की तैयारी को लेकर बैठक हुई। जिला दण्डाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने विधि-व्यवस्था, यातायात और सुरक्षा पर चर्चा की। परीक्षा 18 और 21 जनवरी 2026 को होगी, जिसमें 100 वस्तुनिष्ठ प्रश्न होंगे। सभी केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए जैमर और सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।

लखीसराय। बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग के अंतर्गत “पुलिस अवर निरीक्षक” पद की प्रारंभिक लिखित प्रतियोगिता परीक्षा के सफल एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर शनिवार को समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में संयुक्त ब्रीफिंग का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिला दण्डाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने की, जिसमें विधि-व्यवस्था, यातायात, सुरक्षा तथा प्रशासनिक तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। ब्रीफिंग में अपर समाहर्ता नीरज कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, आपदा प्रभारी शशि कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी मुकुल पंकज मणि, डीएसपी शिवम कुमार, यातायात डीएसपी अजय कुमार, डीपीओ आईसीडीएस वंदना पाण्डेय सहित अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में परीक्षा केंद्रों के आसपास जाम की समस्या से निपटने, ठेला-खोमचा एवं भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक, रेलवे पूल के समीप यातायात नियंत्रण तथा शहर में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिए गए।
जिला दण्डाधिकारी ने बताया कि यह परीक्षा 18 जनवरी 2026 (रविवार) एवं 21 जनवरी 2026 (बुधवार) को दो-दो पालियों में लखीसराय जिले के कुल 9 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी। प्रत्येक पाली में अलग-अलग अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा की अवधि दो घंटे की होगी, जिसमें वस्तुनिष्ठ प्रकार के 100 प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 10:00 बजे से 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली की परीक्षा अपराह्न 2:30 बजे से 4:30 बजे तक आयोजित होगी। अभ्यर्थियों के लिए रिपोर्टिंग समय क्रमशः सुबह 8:30 बजे एवं दोपहर 1:00 बजे निर्धारित है। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर जैमर एवं सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। अभ्यर्थियों की फोटोग्राफी एवं बायोमेट्रिक सत्यापन अनिवार्य होगा। बिना वैध फोटो पहचान पत्र के किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल फोन एवं किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह वर्जित रहेंगे। प्रशासन द्वारा लखीसराय एवं किऊल स्टेशन सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर मेडिकल टीम, बिजली एवं प्रकाश की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। सभी पदाधिकारी परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर अपनी रिपोर्ट जिला प्रशासन को सौंपेंगे। जिला दण्डाधिकारी ने स्पष्ट किया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या कदाचार को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




