
हार के बाद बंदी माननीय गद्दा व बर्तन से होंगे महरूम
रीतलाल की फोटो लगा सकते हैं भागलपुर विशेष केंद्रीय कारा में बंद हैं रीतलाल
भागलपुर, वरीय संवाददाता। चुनाव में हार के बाद जेल में बंद निवर्तमान माननीय की विशेष सुविधाएं बंद हो जाएंगी। भागलपुर स्थित विशेष केंद्रीय कारा में बंद रीतलाल यादव दानापुर से राजद के विधायक थे। इस बार वे उसी सीट पर भाजपा के रामकृपाल यादव से चुनाव हार गए हैं। विधानसभा भंग होने और नए विधायक के शपथ लेते ही रीतलाल यादव को जेल में मिलने वाली माननीय स्तर की विशेष सुविधाएं बंद हो जाएंगी। वे जेल में एक आम बंदी की तरह ही रहेंगे। माननीय होने पर जेल में इस तरह की मिलती हैं सुविधाएं केस दर्ज होने और जेल में बंद होने के बाद माननीय को कई तरह की विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।
अन्य बंदियों से अलग उन्हें सोने के लिए चौकी उपलब्ध कराया जाता है। गद्दा, खाने के लिए अलग से बर्तन और न्यूज पेपर भी उन्हें उपलब्ध कराया जाता है। नियम के अनुसार इसके अलावा भी अन्य सुविधाएं माननीय के लिए होती हैं। ये सारी सुविधाएं वर्तमान में रीतलाल यादव को जेल प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही हैं जो जल्दी ही बंद कर दी जाएंगी। लालू प्रसाद के हैं खास, खुद रोड शो के लिए पहुंचे थे रीतलाल यादव लालू प्रसाद यादव के खास बताए जाते हैं। वे लालू प्रसाद के कितने खास हैं इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दानापुर से चुनाव लड़ने वाले रीतलाल के पक्ष में रोड शो के लिए खुद लालू प्रसाद निकले थे। हालांकि उनकी कोशिश काम नहीं आई और रीतलाल चुनाव हार गए। रीतलाल फिलहाल रंगदारी के केस में जेल में बंद हैं। उनपर अन्य कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। 16 अक्टूबर को वे अपने भाई टिंकू उर्फ पिंकू के साथ नामांकन के लिए गए थे और उसी शाम वापस जेल लौट आए थे। रीतलाल को बेऊर जेल से भागलपुर के विशेष केंद्रीय कारा लाया गया था।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




