
जमुई : गिद्धौर प्रखंड में तीन परीक्षा केंद्रों पर होगी बिहार इंटरमीडिएट परीक्षा, तैयारियां पूरी
गिद्धौर में बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा की तैयारी अंतिम चरण में है। परीक्षा 2 से 13 फरवरी तक होगी, जिसमें 2730 परीक्षार्थी शामिल होंगे। प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं और सभी संबंधित अधिकारियों को सख्त दिशा-निर्देश दिए हैं।
गिद्धौर । निज संवाददाता बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित बिहार इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा को लेकर प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। यह परीक्षा 2 फरवरी से 13 फरवरी तक संचालित की जाएगी। परीक्षा को कदाचारमुक्त, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने संयुक्त आदेश जारी कर सभी संबंधित अधिकारियों को सख्त दिशा-निर्देश दिए हैं। गिद्धौर प्रखंड क्षेत्र में इस वर्ष कुल तीन परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जहां कुल 2730 परीक्षार्थी इंटरमीडिएट परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा केंद्रों में एम.सी.विद्या मंदिर गिद्धौर, मध्य विद्यालय रतनपुर एवं 2 अखिलेश्वर हाई स्कूल रतनपुर को शामिल किया गया है।
महाराज चंद्र चूड़ विद्या मंदिर गिद्धौर में 1544, मध्य विद्यालय रतनपुर में 406 तथा 2 अखिलेश्वर हाई स्कूल रतनपुर में 780 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। इन तीनों केंद्रों पर केवल छात्र परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा के सुचारू संचालन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। गिद्धौर थाना के पुलिस अवर निरीक्षक पंकज कुमार सिंह, रामधारी महतो एवं महिला थाना के धर्मेन्द्र कुमार पुलिस पदाधिकारी के रूप में तैनात रहेंगे। वहीं दंडाधिकारी के रूप में प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी गौरव कुमार, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी शिव पूजन, प्रखंड कृषि पदाधिकारी रामधार चौधरी, सिंचाई प्रमंडल के कनीय अभियंता मृत्युंजय कुमार, पीएचईडी के सहायक अभियंता रंजीत कुमार, पीओ मनरेगा संजीव कुमार,अवर प्रमंडल कार्य अभियंता निशांत राज एवं सिंचाई अवर प्रमंडल झाझा के कनीय अभियंता मो. रजा अख्तर की प्रतिनियुक्ति की गई है। प्रशासन द्वारा परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। प्रत्येक केंद्र पर दंडाधिकारी एवं पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती रहेगी। बिना सघन जांच एवं प्रवेश पत्र की जांच के किसी भी परीक्षार्थी को केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। साथ ही परीक्षा प्रारंभ होने के आधे घंटे पूर्व तक ही परीक्षार्थियों का प्रवेश सुनिश्चित किया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




