
कक्षा नौ से 12 के डेढ़ लाख से अधिक छात्रों को भी मिलेंगी मुफ्त किताबें
अप्रैल से जिले के स्कूलों के माध्यम से वितरण हो जाएगा शुरू, मार्च तक जिले
भागलपुर, वरीय संवाददाता बिहार सरकार ने राज्य के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले कक्षा नौ से 12वीं तक के छात्रों के लिए एक महत्वपूर्ण और राहत भरा निर्णय लिया है। अब तक सरकारी विद्यालयों में केवल कक्षा एक से आठ तक के छात्रों को ही नि:शुल्क पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध कराई जाती थीं, लेकिन अब माध्यमिक और उच्च माध्यमिक वर्गों के छात्र भी इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। इस फैसले से जिले के डेढ़ लाख से अधिक छात्रों को सीधा लाभ मिलेगा। शिक्षा में समान अवसर सुनिश्चित करने की दिशा में यह एक अहम कदम माना जा रहा है। जिले में कक्षा नौ से 12वीं तक लगभग डेढ़ लाख छात्र अध्ययनरत हैं।
इन सभी को उनके पाठ्यक्रम के अनुरूप विभिन्न विषयों की पुस्तकों का पूरा सेट नि:शुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। जिला शिक्षा कार्यालय के डीपीओ माध्यमिक शिक्षा विनय कुमार सुमन ने बताया कि पुस्तकों की छपाई का कार्य बिहार राज्य पाठ्यपुस्तक प्रकाशन निगम में तेजी से चल रहा है। यह प्रक्रिया 10 मार्च तक पूरी कर ली जाएगी। अप्रैल से स्कूलों के माध्यम से पुस्तकों का वितरण शुरू हो जाएगा, ताकि नए शैक्षणिक सत्र के आरंभ से पहले ही छात्रों को सभी आवश्यक पाठ्यपुस्तकें मिल सकें। विभाग का लक्ष्य है कि किसी भी छात्र को पढ़ाई के दौरान किताबों की कमी के कारण परेशानी न हो। छात्रों पर घटेगा आर्थिक बोझ, शिक्षा गुणवत्ता में सुधार की उम्मीद : शिक्षकों और अभिभावकों का मानना है कि सरकार के इस निर्णय से शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा। अब छात्र बिना किसी आर्थिक चिंता के अपनी पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित कर सकेंगे। अबतक कक्षा नौ से 12वीं तक के छात्रों को पुस्तकों की व्यवस्था खुद करनी पड़ती थी, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चे प्रभावित होते थे। कई बार किताबें समय पर न मिलने से पढ़ाई बाधित हो जाती थी। सरकार के इस नए कदम से न केवल छात्रों की पढ़ाई सुगम होगी, बल्कि स्कूलों में नामांकन और उपस्थिति दर में भी वृद्धि की उम्मीद जताई जा रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




