भागलपुर : मुख्यमंत्री फेलोशिप में खगड़िया निवासी गोविंद का चयन
- आईआईएम बोधगया में पढ़ाई के साथ सीएम सचिवालय में करेंगे काम - गोविंद सात

भागलपुर, मुख्य संवाददाता। खगड़िया जिले के प्रतिभाशाली युवा गोविंद कुमार, जो वर्तमान में बिहार विकास मिशन अंतर्गत डिस्ट्रिक्ट पीएमयू लीड पद पर भागलपुर में कार्यरत हैं, उनका चयन बिहार सरकार के मुख्यमंत्री फेलोशिप कार्यक्रम में टियर–4 स्तर पर हुआ है। इस चयन के साथ उन्हें देश के प्रतिष्ठित संस्थान आईआईएम बोधगया में अध्ययन करने और राज्य सरकार के उच्च प्रशासनिक स्तर पर कार्य करने का अवसर मिलेगा।बिहार सरकार द्वारा शुरू किए गए इस फेलोशिप कार्यक्रम में कुल 121 पद निर्धारित किए गए हैं। इन पदों पर चयनित फेलो जिला स्तर से लेकर मुख्यमंत्री सचिवालय स्तर तक विभिन्न स्तरों पर काम करते हैं।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को शासन, नीति निर्माण और प्रशासनिक कार्यप्रणाली से जोड़ना है।फेलोशिप के अंतर्गत चयनित अभ्यर्थियों को ‘लर्न विद अर्न’ मॉडल के तहत अध्ययन के साथ-साथ प्रशासनिक कार्यों में भागीदारी का अवसर दिया जाता है। इस दौरान फेलो को उनके कार्य स्तर के अनुसार ₹80,000 से ₹1,50,000 प्रति माह तक मानदेय भी दिया जाता है। इस कार्यक्रम का सर्वोच्च स्तर मुख्यमंत्री सचिवालय है, जहां पूरे राज्य से केवल चार प्रतिभागियों का चयन किया गया है। इनमें गोविंद कुमार भी शामिल हैं। इस उपलब्धि के साथ वे अगले दो वर्षों तक आईआईएम बोधगया में अध्ययन करेंगे और साथ ही मुख्यमंत्री सचिवालय और उपमुख्यमंत्री कार्यालय में कार्य करते हुए राज्य की नीतियों और योजनाओं के क्रियान्वयन में योगदान देंगे।साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि से आने वाले गोविंद कुमार खगड़िया के रहने वाले हैं l उन्होंने टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज से मास्टर ऑफ सोशल वर्क की पढ़ाई पूरी की है। उन्होंने जीविका में बतौर यॉन्ग प्रोफेशनल 3 साल, फिर राष्ट्रीय ग्रामीण संस्थान एवं पंचायत राज, हैदराबाद में 2 साल रिसर्च एसोसिएट का कार्य और बिहार विकास मिशन में डिस्ट्रिक्ट पीएमयू लीड पद पर पिछले 7 वर्षों से अधिक समय से कार्य कर रहे हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


