Bhagalpur News: राघोपुर: कमर भर पानी में जिंदगी बचाने की जंग, पन्नी के नीचे गुजरतीं रातें
Bhagalpur News: लाइव वार्ड संख्या 5 में मुख्य सड़क पर कमर तक बह रहा पानी घर का

Bhagalpur News: भागलपुर, वरीय संवाददाता। खरीक प्रखंड स्थित राघोपुर पंचायत में रविवार देर रात मार्जिनल बांध टूटने के बाद तबाही का मंजर दिखने लगा है। गांव के पांच वार्डों में बाढ़ का पानी भर चुका है। चारों तरफ सिर्फ बेबसी और बच्चों की चीख-पुकार सुनाई दे रही है। एक तरफ जहां सैकड़ों मजदूर टूटे बांध को बचाने के लिए जान हथेली पर लेकर जद्दोजहद कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ प्रशासनिक अधिकारी हादसों को रोकने के लिए व्यवस्था संभालने में जुटे हैं।
वार्ड संख्या 5 की स्थिति
वार्ड संख्या 5 की स्थिति सबसे भयावह है। मुख्य सड़क पर कमर तक पानी बह रहा है। ग्रामीण अपने बच्चों, अनाज के बोरों और मवेशियों को बचाने के लिए बाढ़ के पानी में उतरने को मजबूर हैं। वार्ड संख्या 7 में रवि कुमार, बीरेंद्र मंडल और रानी देवी सिर पर अनाज की बोरियां लादे किसी तरह रिश्तेदारों के घर की ओर भागते दिखे। गरीबी और कुदरत की मार झेल रहे वार्ड संख्या 8 के डोमी मंडल का परिवार बेघर हो चुका है। बारिश के कारण जिनके आशियाने की छत से पानी टपक रहा था, अब घर में बाढ़ का पानी घुसने के बाद वे सड़क पर चौकी रखकर खुले आसमान तले दिन और रात गुजारने को विवश हैं।
राहत व्यवस्था की जमीनी स्थिति
राहत व्यवस्था की जमीनी हकीकत भी काफी कड़वी है। वार्ड संख्या 9 की मुस्लिम बस्ती के मो. फिरोज, मो. इलियास और मो. रुस्तम ने बताया कि उनके घरों में दो दिनों से चूल्हा नहीं जला है। सामुदायिक रसोई घर से 200 मीटर दूर है। सोमवार रात जब वे दुर्गा स्थान के पास बने सामुदायिक रसोई पहुंचे, तो खाना खत्म हो चुका था और उन्हें भूखे पेट चूड़ा-दालमोट खाकर रात काटनी पड़ी। गांव को जोड़ने वाले इकलौते संपर्क मार्ग छोटी लाइन की हालत बारिश और ट्रैक्टरों की आवाजाही से बेहद खराब हो चुकी है। लोग घुटने भर कीचड़ और दलदल में से होकर गुजरने को मजबूर हैं। राघोपुर में इस वक्त हर चेहरा सहमा हुआ है और हर आंख मदद की उम्मीद में प्रशासन की तरफ देख रही है।


