
बीएयू बिहार के किसानों के लिए तैयार करेगा जैव कीटनाशी
विशेष : विवि के कीट विज्ञान विभाग में तैयार हो रहा अत्याधुनिक लैब
बलराम मिश्र /कार्यालय संवाददाता। भागलपुर। बिहार के किसानों के लिए खुशखबरी है। दरअसल, जैव कीटनाशी की बाजार में अनुपलब्धता और कालाबाजारी से निजात के लिए बिहार कृषि विश्वविद्यालय (बीएयू) सबौर ने 80 प्रतिशत तैयारी पूरी कर ली है। नए साल में बीएयू बिहार के किसानों को जैव कीटनाशी दवा उपलब्ध कराएगा। इसके लिए बीएयू के कीट विज्ञान विभाग की निगरानी में अत्याधुनिक लैब तैयार की जा रही है। कुलपति प्रो. दुनिया राम सिंह इसकी मॉनिटरिंग कर रहे हैं। बीएयू को इसके लिए केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री राष्ट्रीय कृषि विकास योजना (पीएम-आरकेवीवाई) के तहत जैव कीटनाशी विकास के लिए प्रोजेक्ट दिया गया है।
इस प्रोजेक्ट को लेकर विभाग में लैब का निर्माण अंतिम चरण में है। नए साल की छमाही में अत्याधुनिक उपकरणों से लैब को लैस कर दिया जाएगा। विभाग की हेड डॉ. किरण कुमारी ने बताया कि नए साल में ही लैब शुरू कर जैव कीटनाशी दवा तैयार की जाएगी। इसके लिए तैयारी की जा रही है। इसमें मेटाराइजियम एनीसोप्ली एवं ब्यूक्रिया बेसियाना का काम पहले चरण में शुरू होगा। इससे किसान भाइयों को सबसे ज्यादा लाभ पहुंचेगा। जैव कीटनाशक पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद बीएयू के पीआरओ डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि जैव कीटनाशक पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य के लिए काफी फायदेमंद होता है। ये अन्य रसायनों की तुलना में काफी बेहतर होता है। यह केवल लक्ष्य के अनुरूप कीटों को फसलों से नष्ट करता है। साथ ही पर्यावरण में जल्दी घुलने की क्षमता रखता है। इसके अलावा सबसे ज्यादा फायदा यह होता है कि फसलों के लिए जो कीट लाभकारी होते हैं, उसे नष्ट होने से बचाता है। स्थायी कीट प्रबंधन (आईपीएम) में भी काफी मदद मिलती है और मिट्टी स्वास्थ्य पर बेहतर प्रभाव पड़ता है। कोट : किसान भाइयों की समस्याओं को देखते हुए यह प्रोजेक्ट बीएयू को मिला है। कीट विज्ञान विभाग की देखरेख में अत्याधुनिक लैब तैयार की जा रही है। अगले साल से मेटाराइजियम एनीसोप्ली एवं ब्यूक्रिया बेसियाना का काम शुरू हो जाएगा। यह किसानों के लिए सौगात होगी। -प्रो. दुनिया राम सिंह, कुलपति बीएयू

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




