Bhagalpur News: रेड रिबन क्विज में अनन्या व आदर्श बने विजेता, करेंगे राज्य स्तर पर कटिहार का प्रतिनिधित्व
Bhagalpur News: कटिहार जिले में बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति द्वारा जिला स्तरीय रेड रिबन क्विज-2026 का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में 50 स्कूलों के 100 छात्रों ने भाग लिया। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य युवाओं को एचआईवी जागरूकता और स्वास्थ्य समस्याओं के प्रति जागरूक करना था। विजेताओं को पुरस्कार व प्रमाणपत्र दिए गए।

Bhagalpur News: कटिहार से चंदन कुमार कर्ण की रिपोर्ट बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति, पटना के निर्देश पर जिला एड्स बचाव एवं नियंत्रण इकाई तथा शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जिला स्तरीय रेड रिबन क्विज-2026 का आयोजन हरिशंकर नायक उच्चतर विद्यालय के सभागार में किया गया। प्रतियोगिता में जिले के 50 स्कूलों के 100 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि सह विद्यालय के प्रधानाध्यापक उदय शंकर सिंह ने बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति, पटना से आए मास्टर ट्रेनर राकेश कुमार सिंह एवं शिवम कुमार के साथ संयुक्त रूप से किया। प्रधानाध्यापक ने युवाओं को एचआईवी-एड्स जागरूकता, जीवन कौशल एवं सामाजिक जिम्मेदारी से संबंधित विषयों की जानकारी प्राप्त करने और उसे समाज में साझा करने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता का उद्देश्य
प्रतियोगिता में बहुविकल्पीय प्रश्नों के माध्यम से प्रतिभागियों की जानकारी और समझ की परीक्षा ली गई। आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को एचआईवी संक्रमण के फैलने के तरीके, बचाव, सरकार द्वारा संचालित योजनाओं तथा स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता की जानकारी देना और उनमें नेतृत्व क्षमता का विकास करना था। प्रतियोगिता का आयोजन तीन चरणों में किया गया। पहले चरण में सभी प्रतिभागियों को 25 प्रश्नों का प्रश्नपत्र दिया गया। इसके बाद चयनित पांच स्कूलों के बच्चों के बीच विभिन्न विषयों पर क्विज प्रतियोगिता कराई गई।
विजेताओं की घोषणा
प्रतियोगिता में मिडिल स्कूल मिरचाईबारी की अनन्या झा एवं आदर्श कुमार झा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। एएमवी बीएमपी-7 के प्रिंस कुमार सोनी एवं सोनाक्षी झा द्वितीय, जबकि पाराशर विद्यापीठ हाई स्कूल की प्रयास गुप्ता एवं सरस्वती कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं। विजेता प्रतिभागियों को बुक सेट, प्रमाणपत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया। अन्य उत्कृष्ट प्रतिभागियों को भी छह पुस्तकों का सेट और प्रमाणपत्र प्रदान किया गया। जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली अनन्या झा एवं आदर्श कुमार झा अब राज्य स्तरीय रेड रिबन क्विज प्रतियोगिता में कटिहार जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। राज्य स्तर पर बिहार के सभी 38 जिलों के प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले कुल 76 छात्र-छात्राएं भाग लेंगे, जहां से क्षेत्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयन किया जाएगा।कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला कार्यक्रम प्रबंधक शौनिक प्रकाश, अकाउंटेंट प्रभाकर लाल दास, जिला प्रवेक्षक डॉ. मिथिलेश कुमार ठाकुर, आईसीटीसी काउंसलर अश्वनी झा, एमसीएच लैब तकनीशियन राहुल कुमार, केएमपी प्लस के जितेंद्र महाराज, ब्लड सेंटर के सनी पोद्दार, पवन कुमार एवं नवीन कुमार का सराहनीय योगदान रहा।


