किशनगंज : मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को लेकर तुलसिया में प्रशासनिक तैयारी तेज
दिघलबैंक से विक्रम मिश्रा कि रिपोर्ट दिघलबैंक, एक संवाददाता। 2 जून को तुलसिया में

दिघलबैंक से विक्रम मिश्रा कि रिपोर्ट दिघलबैंक, एक संवाददाता। 2 जून को तुलसिया में आयोजित होने वाले सहयोग शिविर में बिहार सरकार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के संभावित आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में गुरुवार को किशनगंज के जिला पदाधिकारी विशाल राज, पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार तथा अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत कुमार ने पीएम श्री 2 उच्च विद्यालय तुलसिया के मैदान का गहन निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल की तैयारियों का जायजा लिया तथा मौके पर उपस्थित प्रखंड विकास पदाधिकारी दिघलबैंक बप्पी ऋषि को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने विद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों का भी निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था, मंच निर्माण, आगंतुकों की सुविधा तथा अन्य व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक जानकारी प्राप्त की।इस
दौरान जिला पदाधिकारी ने प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी नरेश मंडल एवं पीएम श्री 2 उच्च विद्यालय तुलसिया के प्रभारी प्रधानाध्यापक महानंद झा से विद्यालय से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की। साथ ही विद्यालय के पश्चिमी छोर पर चाहरदीवारी नहीं होने के कारणों की भी जानकारी ली। कार्यक्रम स्थल के निरीक्षण के बाद सभी पदाधिकारी समीप स्थित पीएम श्री 2 प्रोजेक्ट गर्ल्स हाई स्कूल का भी निरीक्षण किया। बकरीद को लेकर विद्यालय बंद रहने के बावजूद जिला पदाधिकारी के आगमन की सूचना पर विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक अमरकांत ठाकुर उपस्थित थे। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विद्यालय भवनों, शैक्षणिक गतिविधियों तथा अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली।गौरतलब है कि मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं और इसी को लेकर जिला प्रशासन द्वारा सभी संभावित कार्यक्रम स्थलों का जायजा लिया जा रहा है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


