
पहले फालतू सरकार थी, हिंदू-मुस्लिम झगड़े खूब होते थे : नीतीश
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भागलपुर की गोपालपुर विधानसभा सीट पर चुनावी सभा में कहा कि पहले की सरकार ने कोई काम नहीं किया। अब स्थिति में सुधार हुआ है, लोग सुरक्षित हैं और रोजगार बढ़ा है। उन्होंने महिला सशक्तिकरण और कानून व्यवस्था में सुधार का भी जिक्र किया। अगले 5 वर्षों में 1 करोड़ युवाओं को रोजगार देने का वादा किया।
भागलपुर, मुख्य संवाददाता। सीएम नीतीश कुमार ने आज सोमवार को भागलपुर जिले की गोपालपुर विधानसभा सीट के लिए तीनटंगा में चुनावी सभा की। नीतीश कुमार ने कहा, पहले वाली स्थिति में बहुत बुरा हाल था। लोग शाम के बाद घर से बाहर नहीं निकलता था। अब बच्चा, लड़का, लड़की आराम से घूमते हैं। हम भी अपने इलाके में जाते थे तो देखते थे सब बंद रहता था। पहले फालतू सरकार थी। हिंदू-मुस्लिम झगड़े होते थे। पढ़ाई की व्यवस्था नहीं थी, इलाज की व्यवस्था नहीं थी। सड़कें नहीं थीं। बिजली नहीं थी। हमारी सरकार आई तो हमने सभी के हित में काम किया।

बता दें कि नीतीश कुमार की तीनटंगा की सभा भागलपुर की पहली चुनावी सभा है। सीएम आज ही गोराडीह के मुक्तापुर स्थित उच्च स्कूल खेल मैदान में और सुल्तानगंज विधानसभा क्षेत्र के करहरिया स्थित देवी प्रसाद महतो उच्च स्कूल के मैदान में चुनावी सभा करेंगे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने संबोधन की शुरुआत 2005 से पहले और बाद के बिहार की तुलना करते हुए की। उन्होंने कहा कि पहले वाली सरकार (राजद) ने कोई काम नहीं किया था। ऐसा बुरा हाल था कि लोग शाम के बाद घर से बाहर नहीं निकलते थे। हमारी सरकार ने कानून का राज स्थापित किया। हम लोगों ने 2006 में ही कब्रिस्तानों की घेराबंदी शुरू करा दी और 2016 में 60 वर्ष से पुराने हिंदू मंदिरों की भी घेराबंदी कराई, ताकि कोई विवाद न हो। चाहे हिंदू हो या मुस्लिम, हमने सबके लिए काम किया। रोजगार के मुद्दे पर नीतीश कुमार ने बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि हमने 2020 में 10 लाख नौकरी और 10 लाख रोजगार का वादा किया था। अब 10 लाख नौकरी का काम हो गया है और रोजगार पाने वालों की संख्या भी 40-50 लाख हो गई है। अगले 5 साल में 1 करोड़ युवाओं को नौकरी या रोजगार दिया जाएगा। नीतीश कुमार ने महिला सशक्तिकरण के कामों को गिनाते हुए कहा कि 2006 में पंचायती राज में 50% आरक्षण, 2013 में पुलिस में 35% और 2016 में सभी सरकारी नौकरियों में 35% आरक्षण महिलाओं को दिया गया। उन्होंने कहा कि आज बिहार पुलिस में महिलाओं की संख्या देश में सबसे ज्यादा है। 2006 में विश्व बैंक से कर्ज लेकर 'जीविका' समूह की शुरुआत की, जिनकी संख्या आज 1 करोड़ 40 लाख हो गई है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




