
बांका : एनडीए सरकार ने हर वर्ग के लिए समान रूप से काम किया : नीतीश
संक्षेप: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि उन्होंने अपने परिवार के लिए कुछ नहीं किया, बल्कि जनता की सेवा की है। उन्होंने एनडीए को विकास की कुंजी बताया और कहा कि पिछली सरकार ने कोई काम नहीं किया। नीतीश ने वर्तमान सरकार की उपलब्धियों जैसे नए स्कूल, शिक्षक भर्ती, और महिला आरक्षण की चर्चा की।
बांका। सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि मैंने अपने परिवार के लिए कुछ नहीं किया, केवल जनता की सेवा की है। सीएम नीतीश ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) को बिहार के विकास की कुंजी बताया। सीएम नीतीश कुमार ने कहा लालू-राबड़ी पर हमला बोलते हुए कहा कि 15 साल की सरकार में इनलोगों ने कोई काम नहीं किया। जब खुद मुख्यमंत्री पद से हटे तो अपनी पत्नी को मुख्यमंत्री बना देना। उन्होंने लालू प्रसाद का नाम लिए बिना कहा कि उन्होंने केवल अपने परिवार के लिए काम किया है। बाकी बिहारवासियों के लिए कोई काम नहीं किया। उन्होंने दावा किया एनडीए सरकार ने हर वर्ग के लिए समान रूप से काम किया है।

चाहे हिंदू हों या मुस्लिम, सवर्ण, पिछड़े, अति-पिछड़े, दलित या महादलित सबके विकास के लिए काम हुआ है।उन्होंने 2005 से पहले की सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि पहले की सरकार में कानून व्यवस्था इतनी खराब थी कि शाम होते ही लोग घरों में सिमट जाते थे, लेकिन अब हालात पूरी तरह बदल गए हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने प्रदेश में कई नए स्कूल खुलवाए हैं, और बिहार लोक सेवा आयोग के माध्यम से 2,58,000 शिक्षकों की भर्ती कराई गई है। साथ ही छात्रों को पोशाक व साइकिल योजना की सुविधा भी दी जा रही है। इसके अलावा, सीएम नीतीश कुमार ने महिला आरक्षण, रोजगार, सात निश्चय योजना लाने की भी बात कही।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




