Hindi NewsBihar NewsBhagalpur NewsBihar Chief Minister s Educational Tour Students Explore Nalanda and Rajgir
लखीसराय : उत्क्रमित मध्य विद्यालय चंपानगर के बच्चों ने किया नालंदा और राजगीर का शैक्षणिक भ्रमण

लखीसराय : उत्क्रमित मध्य विद्यालय चंपानगर के बच्चों ने किया नालंदा और राजगीर का शैक्षणिक भ्रमण

संक्षेप:

मुख्यमंत्री बिहार दर्शन योजना के तहत चंपानगर के छात्रों को नालंदा और राजगीर का ऐतिहासिक भ्रमण कराया गया। प्रधानाध्यापक विनोद कुमार सिंह और शिक्षक सुनील कुमार चौधरी ने यात्रा की शुरुआत की। छात्रों ने प्राचीन नालंदा विश्वविद्यालय और राजगीर के महत्वपूर्ण स्थलों का अवलोकन किया, जिससे उन्हें बिहार की संस्कृति और इतिहास के बारे में जानकारी मिली।

Jan 28, 2026 05:37 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, भागलपुर
share Share
Follow Us on

कजरा, एक संवाददाता। मुख्यमंत्री बिहार दर्शन (परिभ्रमण) योजना के अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय, चंपानगर के छात्र-छात्राओं को ऐतिहासिक एवं शैक्षणिक भ्रमण पर नालंदा और राजगीर ले जाया गया। इस शैक्षणिक यात्रा को विद्यालय के प्रधानाध्यापक विनोद कुमार सिंह एवं उच्च विद्यालय नरोत्तमपुर, कजरा के शिक्षक सुनील कुमार चौधरी ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य बच्चों को बिहार की गौरवशाली ऐतिहासिक विरासत, संस्कृति और शिक्षा परंपरा से अवगत कराना था। भ्रमण के दौरान बच्चों ने विश्व प्रसिद्ध प्राचीन नालंदा विश्वविद्यालय के अवशेषों का अवलोकन किया और जाना कि किस प्रकार यह शिक्षा का वैश्विक केंद्र हुआ करता था।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

वहीं राजगीर में छात्रों ने शांति स्तूप, वेणुवन तथा गर्म जल कुंडों का भ्रमण कर उनके ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व को समझा। भ्रमण के दौरान साथ गए शिक्षकों ने प्रत्येक स्थल के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं पुरातात्विक महत्व की विस्तृत जानकारी दी। विद्यालय के प्रधानाध्यापक विनोद कुमार सिंह ने कहा कि किताबी ज्ञान के साथ-साथ ऐसे शैक्षणिक भ्रमण बच्चों के सर्वांगीण और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस तरह के कार्यक्रमों से बच्चों में अनुशासन, सहयोग और सामाजिक व्यवहार का भी विकास होता है। यात्रा से लौटने के बाद बच्चों के चेहरों पर उत्साह और खुशी साफ झलक रही थी। बच्चों ने बताया कि पुस्तकों में पढ़े गए ऐतिहासिक स्थलों को प्रत्यक्ष देखना उनके लिए एक अविस्मरणीय अनुभव रहा। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण, विद्यालय शिक्षा समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य भी उपस्थित रहे। इस शैक्षणिक भ्रमण में शिक्षक अंकित कुमार जयसवाल, कविता रानी एवं शशि शेखर ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विद्यालय शिक्षा समिति की अध्यक्ष कुंती देवी एवं सचिव अंजू देवी ने भी इस पहल की सराहना की। भ्रमण दल का नेतृत्व वर्ग अष्टम के छात्र प्रिंस कुमार एवं सुरुचि कुमारी ने किया। इस यात्रा में कुल 30 छात्र-छात्राएं शामिल हुए।