
पूर्णिया: चम्पानगर थाना में जमा कराए लाइसेंसी हथियार
चम्पानगर थाना पुलिस आगामी बिहार विधानसभा चुनाव के लिए पूरी तरह सतर्क है। मतदान की तिथि नजदीक आते ही, लाइसेंसी हथियार जमा करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। अब तक 22 लाइसेंसधारियों ने अपने हथियार जमा कराए हैं। थानाध्यक्ष ने चेतावनी दी है कि शस्त्रों का दुरुपयोग करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
केनगर, एक संवाददाता। आगामी बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर चम्पानगर थाना पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। जैसे-जैसे मतदान की तिथि नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे प्रशासनिक तैयारियों में तेजी दिखाई दे रही है। शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए थाना क्षेत्र में लाइसेंसी हथियार जमा कराने की प्रक्रिया जारी है। रविवार को चम्पानगर थाना परिसर में सुबह से ही लोगों की भीड़ लगी रही। अपने-अपने हथियारों के साथ लाइसेंसधारी निर्धारित प्रक्रिया पूरी कर हथियार जमा करा रहे थे। थानाध्यक्ष अनुपम राज ने बताया कि थाना क्षेत्र के कुल 22 लाइसेंसधारियों ने अपने हथियार जमा कराए हैं। उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई निर्वाचन आयोग के निर्देश के तहत की जा रही है।

मतदान प्रक्रिया समाप्त होने के बाद सत्यापन के उपरांत जमा हथियार वापस किए जाएंगे। थानाध्यक्ष ने यह भी स्पष्ट किया कि जिन अनुज्ञप्ति धारकों को वास्तविक रूप से जान-माल का खतरा है, उन्हें हथियार जमा कराने से छूट दी गई है। हालांकि, उन्हें चेतावनी दी गई है कि शस्त्रों का किसी भी स्थिति में दुरुपयोग न करें। थानाध्यक्ष ने कहा कि यदि किसी लाइसेंसधारी द्वारा शस्त्र का दुरुपयोग करते हुए पकड़ा गया तो उसके विरुद्ध अनुज्ञप्ति निलंबन सहित शस्त्र नियमावली के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




