
बीएयू में डॉ. राजेंद्र प्रसाद की जयंती पर हुआ पौधरोपण
भागलपुर के बिहार कृषि कॉलेज में डॉ. राजेंद्र प्रसाद की जयंती मनाई गई। प्राचार्य डॉ. मुकेश सिन्हा की अध्यक्षता में कार्यक्रम शुरू हुआ, जिसमें पौधरोपण और पुष्प अर्पित करने के बाद विद्यार्थियों ने डॉ. प्रसाद के योगदान पर विचार साझा किए। शिक्षा, नैतिकता, और साहस के महत्व पर भी चर्चा की गई।
भागलपुर, कार्यालय संवाददाता। बिहार कृषि कॉलेज (बीएसी) सबौर के पादप शरीरक्रिया एवं जैव रसायन विभाग द्वारा बुधवार को भारत के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की जयंती मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. मुकेश सिन्हा ने की। पौधरोपण के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद विद्यार्थियों एवं शिक्षकों द्वारा डॉ. प्रसाद की तस्वीर पर पुष्प अर्पित किया गया। एमएससी के छात्रों अविनव, विभूति राज और राजेश रंजन ने अपने वक्तव्य में डॉ. प्रसाद के स्वतंत्रता संग्राम में योगदान, राष्ट्र-निर्माण में उनकी बौद्धिक नेतृत्व क्षमता तथा उनके जीवन के आदर्शों पर प्रकाश डाला। डॉ. शशिकांत ने उनकी सादगी और शिक्षा-चिंतन को रेखांकित किया।
डॉ. आरडी रंजन ने भारतीय कृषि में उनके योगदान तथा कृषि मंत्री के रूप में उनके कार्यों पर चर्चा करते हुए एग्रीकल्चर एजुकेशन डे से उनके दर्शन को जोड़ा और छात्रों को प्रेरक उद्धरणों से उत्साहित किया। डॉ. टी चट्टोपाध्याय ने छात्रों से नैतिक मूल्यों और साहस को विकसित करने का अनुरोध किया। प्राचार्य डॉ. सिन्हा ने छात्रों को राष्ट्रीय नेताओं की जीवनी पढ़कर अपनी व्यक्तित्व क्षमता को मजबूत करने की प्रेरणा दी। इस मौके पर अतिथियों के रूप में डॉ. टी चट्टोपाध्याय, डॉ. आरडी रंजन, डॉ. अवधेश, डॉ. सरिता, डॉ. सुधेशना, डॉ. अपूर्वा, डॉ. नम्रता एवं डॉ. सुदीप सहित काफी संख्या में विद्यार्थी मौजूद थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




