Hindi NewsBihar NewsBhagalpur NewsBihar 2025 Elections Voter Awareness Campaign Training Session Held in Lakhisarai
लखीसराय: कैंपस एंबेसडर शिक्षकों को निर्वाचन प्रशिक्षण, दिए गए आवश्यक निर्देश

लखीसराय: कैंपस एंबेसडर शिक्षकों को निर्वाचन प्रशिक्षण, दिए गए आवश्यक निर्देश

संक्षेप:

लखीसराय में बुधवार को बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तैयारी के लिए मतदाता जागरूकता अभियान को सशक्त बनाने हेतु विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। जिला निर्वाचन पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में...

Wed, 8 Oct 2025 06:06 PMNewswrap हिन्दुस्तान, भागलपुर
share Share
Follow Us on

लखीसराय, एक प्रतिनिधि। बिहार विधानसभा निर्वाचन 2025 के सफल और शांतिपूर्ण संचालन की दिशा में मतदाता जागरूकता अभियान को सशक्त बनाने के उद्देश्य से बुधवार को समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष, लखीसराय में कैंपस एंबेसडर (शिक्षक/शिक्षिका) के लिए विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने की। बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम, डीपीओ स्वेता कुमारी, साइबर डीएसपी अजीत चौहान सहित निर्वाचन कार्यालय के कई पदाधिकारी एवं जिले के सभी नामित कैंपस एंबेसडर शिक्षक-शिक्षिकाएँ उपस्थित रहे। प्रशिक्षण सत्र में उपस्थित अधिकारियों ने कैंपस एंबेसडरों को आगामी विधानसभा चुनाव के दृष्टिकोण से मतदाता सूची अद्यतन, जागरूकता अभियान और युवा मतदाताओं के पंजीकरण से संबंधित विस्तृत जानकारी दी।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

डीएम मिथिलेश मिश्र ने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके छात्र-छात्राओं के नाम मतदाता सूची में जोड़े जाने की प्रक्रिया को गंभीरता से लिया जाए। इसके लिए सभी विद्यालय स्तर पर शिक्षकों के माध्यम से छात्रों को आवेदन करने हेतु प्रेरित किया जाए। उन्होंने कहा कि बीएलओ के साथ समन्वय स्थापित कर आवेदन प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूरा किया जाए ताकि कोई भी पात्र युवा मतदाता सूची से वंचित न रह जाए।डीएम ने आगे कहा कि विद्यालयों में वॉटर लिटरेसी क्लब के माध्यम से मतदाता जागरूकता से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किए जाएँ। प्रत्येक विद्यालय में शनिवार तक एक मतदाता जागरूकता बैठक और नुक्कड़ नाटक की टीम का गठन कर लिया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि नाटकों की अवधि 5 से 10 मिनट की हो तथा उसकी स्क्रिप्ट में किसी भी प्रकार की धार्मिक या सामाजिक भावनाओं को ठेस पहुँचाने वाली बातें शामिल न हों। डीएम ने कहा कि इस बार स्कूली बच्चों की भूमिका भी मतदाता जागरूकता में अत्यंत महत्वपूर्ण रहेगी। विद्यालयों में नाटक, गीत, पोस्टर प्रतियोगिता, मानव श्रृंखला और साइकिल रैली जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में मतदान के प्रति जागरूकता का वातावरण बनाया जाएगा। उन्होंने सभी प्रधानाध्यापकों एवं कैंपस एंबेसडरों से कहा कि निर्वाचन कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता के रूप में लें और निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी तैयारियाँ पूर्ण करें। उन्होंने लापरवाही बरतने वाले विद्यालयों के प्रति कड़ी चेतावनी भी दी। कार्यक्रम का संचालन जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से किया गया और अंत में मतदाता जागरूकता से जुड़े बैनर व नारे विद्यालय स्तर पर प्रदर्शित करने का निर्देश भी दिया गया।