
पूर्णिया: भवानीपुर में अतिक्रमण पर सख्ती, मिला अल्टीमेटम
भवानीपुर नगर पंचायत में अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। एसडीएम के निर्देश पर नगर पंचायत ने अतिक्रमण हटाने की तैयारी शुरू की है। कार्यपालक पदाधिकारी ने माइकिंग के जरिए लोगों को चेतावनी दी है कि 10 तारीख तक अतिक्रमण हटा लें, अन्यथा प्रशासन 11 तारीख को कार्रवाई करेगा।
भवानीपुर, एक संवाददाता।भवानीपुर नगर पंचायत क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अख़्तियार कर लिया है। धमदाहा एसडीएम के निर्देश पर नगर पंचायत ने व्यापक स्तर पर अतिक्रमण हटाने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके तहत शुक्रवार को कार्यपालक पदाधिकारी कशिश कुमारी के नेतृत्व में नगर पंचायत सीमा के भीतर लगातार माइकिंग कर लोगों को अंतिम चेतावनी दी गई। माइकिंग द्वारा कहा गया कि आगामी 10 तारीख तक सभी लोग स्वेच्छा से अपना अतिक्रमण हटा लें अन्यथा 11 तारीख को प्रशासन खुद कार्रवाई करेगा और बुल्डोजर चलाया जाएगा। कार्यपालक पदाधिकारी ने बताया कि शनिवार से अतिक्रमित क्षेत्रों की आधिकारिक मापी शुरू की जाएगी ताकि कार्रवाई को सटीक तरीके से अंजाम दिया जा सके।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्रशासन की प्राथमिकता एसएच-65 के दोनों किनारों पर वर्षों से फैले अवैध निर्माण और कब्जों को हटाना है। सड़क किनारे की संकरी होती जगह न केवल यातायात को बाधित कर रही है, बल्कि दुर्घटनाओं की संभावनाएं भी बढ़ा रही है। इसलिए इस बार किसी भी तरह की नरमी नहीं बरती जाएगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर प्रशासन गंभीरता से इस बार अभियान चलाता है तो आने वाले समय में सड़कें चौड़ी होंगी, आवागमन सुगम होगा और नगर का स्वरूप भी बदलेगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




