अंगिका जोन की चैंपियन बनी भागलपुर, बांका को 72 रनों से हराया
भागलपुर ने बांका को 72 रनों से हराकर बीसीए मेंस सीनियर वनडे ट्रॉफी लीग में अंगिका जोन का चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया। भानु कुमार ने 5 विकेट लेकर शानदार गेंदबाजी की। भागलपुर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 269 रन बनाए। बांका की टीम 197 रन पर ऑल आउट हो गई।

भागलपुर, कार्यालय संवाददाता सैंडिस कंपाउंड क्रिकेट स्टेडियम में बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (बीसीए) द्वारा शुक्रवार को बीसीए मेंस सीनियर वनडे ट्रॉफी लीग के तहत भागलपुर बनाम बांका का रोमांचक मुकाबला खेला गया। भागलपुर ने बांका को 72 रनों से हराकर अंगिका जोन के पुल चैंपियन होने का गौरव प्राप्त किया। भागलपुर की जीत के हीरो भानु कुमार रहे। उन्होंने 10 ओवरों में 43 रन देकर पांच विकेट लेकर बांका के खिलाड़ियों को मैदान पर टिकने नहीं दिया। एक समय जहां बांका की टीम लक्ष्य को पाती नजर आ रही थी, लेकिन घातक गेंदबाजी के सामने वे धाराशायी हो गए। भानु को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
यह जानकारी जानकारी भागलपुर जिला क्रिकेट एसोसिएशन (बीडीसीए) के उपाध्यक्ष सुबीर मुखर्जी उर्फ मामू ने दी। उन्होंने बताया कि अंगिका जोन के तहत यह अंतिम लीग मैच था। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भागलपुर की टीम ने निर्धारित 50 ओवर में 269 रनों का स्कोर बनाया। भागलपुर सचिन ने 63 रनों की पारी खेली, जबकि कुमार गौरव राज और सूर्या रघुवंश ने 41-41 रनों का योगदान दिया। विकास ने 32 रन बनाया। अतिरिक्त के रूप में 32 रन मिले। बांका की गेंदबाजी में हिमांशु सुदामा सिंह और कुनाल सानू ने चार-चार विकेट झटके, जबकि राशिद रजा और पुनीत यादव को एक-एक सफलता मिली। 270 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए बांका की ओर से समीर सुराज (39), राघवेंद्र प्रताप सिंह (38) और पुनीत यादव (35) ने संघर्ष किया, लेकिन टीम लक्ष्य से दूर रह गई। बांका की टीम 40.5 ओवर में 197 रन पर ऑल आउट हो गई। भागलपुर की तरफ से गेंदबाजी में पांच विकेट के अलावा सचिन ने दो विकेट, जबकि चंदन राय, सूर्या रघुवंश और कुनाल राज को एक-एक सफलता मिली। मैच में अंपायर की भूमिका में वेद प्रकाश एवं अमरेंद्र पांडेय रहे। जबकि स्कोरर के रूप में अंकित अमित राज एवं शिवम कुमार ने अपनी जिम्मेदारी निभाई। आब्जर्बर के रूप में एनसीए लेवल-2 बीसीसीआई के कोच संजय कुमार उपस्थित रहे। बीडीसीए के सचिव डॉ. जय शंकर ठाकुर ने बताया कि पुरस्कार वितरण मे मुख्य अतिथि के रूप में राजीवकांत मिश्रा उपस्थित थे। इस अवसर पर राकेश सिंह, डॉ. आनंद कुमार मिश्रा, डॉ. जयशंकर ठाकुर, डॉ. विश्वनाथ, अजय कुमार, मनीष कुमार, आलोक कुमार, रंजन कुमार, कृष्ण कुमार पांडेय, रितेश यादव, जगदीश शर्मा एवं अतुल सिंह भी मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को सम्मानित किया। बार-बार व्यक्तिगत स्कोर पूछ रहे खिलाड़ी की हुई आलोचना भागलपुर की टीम से 350 रनों से ज्यादा की उम्मीद थी, लेकिन चौथा विकेट गिरने के बाद खिलाड़ी अत्यधिक सुरक्षित होकर खेलने लगे, आसान गेंदों पर भी शॉट नहीं ले रहे थे। अर्धशतक बनाने वाले सचिन क्रीज पर जमे हुए थे, लेकिन बार-बार अपना वक्तिगत स्कोर पूछ रहे थे। इसकी आलोचना मैदान से बाहर बैठे दर्शक और खिलाड़ी भी कर रहे थे। हालांकि सचिन ने अंतिम ओवर में एक छक्का लगाकर टीम के स्कोर में रन जोड़ा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



