Bhagalpur News: ब्रांडेड कंपनियों की लाइट लगाने का रास्ता साफ
Bhagalpur News: उच्च गुणवत्ता की स्ट्रीट लाइट पर खर्च होगा 5 करोड़ शहर में बचे पांच हजार

Bhagalpur News: भागलपुर, वरीय संवाददाता। निगम प्रशासन शहर में स्ट्रीट लाइट लगाने वाली एजेंसी के चयन को लेकर अंतिम फैसला कर चुका है। जल्द ही शहर के सभी वार्डों और प्रमुख सड़कों पर आधुनिक व ब्रांडेड कंपनियों की लाइट जगमगाती नजर आएगी। इस संबंध में मेयर डॉ. बसुंधरा लाल ने बताया कि करीब पांच करोड़ रुपए की लागत से पूरे शहर में ब्रांडेड कंपनी की उच्च गुणवत्ता वाली स्ट्रीट लाइट लगायी जाएगी। इसके लिए कागजी प्रक्रिया अंतिम चरण में है। पत्र जारी होने के बाद चयनित एजेंसी को वर्क ऑर्डर (कार्यादेश) सौंप दिया जाएगा। गौरतलब है कि शहर में करीब 11 हजार बिजली के खंभों पर पहले से ही लाइट लगी हुई है, जबकि बाकी बचे करीब पांच हजार से ज्यादा खंभों पर नई लाइट लगायी जानी है। इसके बाद शहर का कोई भी कोना अंधेरे में नहीं रहेगा。
सैंपल देखने के बाद जल्द जारी होगा वर्क ऑर्डर
नगर निगम के रोशनी शाखा प्रभारी जयप्रकाश यादव ने बताया कि टेंडर प्रक्रिया के तहत दोनों एजेंसियों के सैंपल को देखा जाएगा। उनके द्वारा प्रस्तुत लाइट के सैंपल की जांच और गुणवत्ता परखने के बाद अंतिम रूप से कार्यादेश दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान में टेंडर प्रक्रिया के तहत केवल एक ही एजेंसी वार्ता के लिए निगम कार्यालय पहुंची है, जिस पर आगे की नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। इस परियोजना के पूरे होने से शहर की सुरक्षा व्यवस्था और रात्रिकालीन यातायात में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।


