
नगर निगम खरीदेगा आधुनिक सफाई मशीनें और एंटी स्मॉग गन
नगर आयुक्त ने उच्चस्तरीय तकनीकी टीम का किया गठन शहर की स्वच्छता और पर्यावरण सुधारने
भागलपुर, वरीय संवाददाता। शहर की स्वच्छता और पर्यावरण को सुधारने के लिए नगर निगम आधुनिक संसाधनों की खरीद करेगा। नगर आयुक्त ने शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने और वायु प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अत्याधुनिक मशीनों और वाहनों को जेम पोर्टल के माध्यम से खरीदने का निर्णय लिया है। इस योजना के तहत वायु प्रदूषण कम करने के उद्देश्य से वॉटर स्प्रिंकलर और एयर प्यूरीफायर युक्त एंटी स्मॉग गन की खरीद की जाएगी। कचरा प्रबंधन को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए गार्वेज ई-रिक्शा, हॉपर टिपर और पारंपरिक ठेलों के साथ-साथ भारी सफाई कार्यों के लिए व्हील स्किड स्टीयर लोडर और स्मॉल क्रॉलर हाइड्रोलिक एक्सकेवेटर जैसे उन्नत उपकरणों को निगम के बेड़े में शामिल किया जाएगा।
इन सभी उपकरणों की गुणवत्ता और तकनीकी मानकों को सुनिश्चित करने के लिए नगर आयुक्त ने एक उच्चस्तरीय तकनीकी टीम का गठन किया है। इसमें नगर विकास प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता, भागलपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के वरीय तकनीकी प्रबंधक और नगर निगम के यांत्रिक अभियंताओं को शामिल किया गया है। नगर आयुक्त ने इस समिति को निर्देश दिया है कि वे सभी प्रस्तावित मशीनों और वाहनों की तकनीकी विशिष्टियों का निर्धारण करते हुए अपनी विस्तृत रिपोर्ट तीन दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से सौंपें। रिपोर्ट प्राप्त होते ही जेम पोर्टल पर बिड (निविदा) निकालने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




