Hindi NewsBihar NewsBhagalpur NewsBhagalpur Municipal Corporation s Anti-Encroachment Drive Revenue Growth but No Lasting Impact
मुख्य बाजार में अतिक्रमण पर कार्रवाई की दी थी चेतावनी, अगले ही निकली हवा...

मुख्य बाजार में अतिक्रमण पर कार्रवाई की दी थी चेतावनी, अगले ही निकली हवा...

संक्षेप:

दूसरे दिन जांच को नहीं पहुंची नगर निगम अतिक्रमण दस्ता की टीम मुख्य बाजार में

Thu, 27 Nov 2025 01:34 AMNewswrap हिन्दुस्तान, भागलपुर
share Share
Follow Us on

भागलपुर, वरीय संवाददाता। नगर निगम की अतिक्रमण दस्ता की टीम लगातार अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध अभियान चलाकर कार्रवाई कर रही है। पर इस अभियान में जुर्माना वसूल कर नगर निगम का राजस्व बढ़ाने के अलावा और कोई भी असर नहीं दिख रहा है। जिन जगहों पर अभियान चलाया जाता है और अतिक्रमणकारियों को खदेड़ा जाता है, अगले ही दिन वे अतिक्रमणकारी अपने जगहों पर फिर से काबिज हो जाते हैं। वहीं अगले दिन अतिक्रमण दस्ता किसी और इलाके में अभियान चलाने को निकल जाती है, जिसकी वजह से अतिक्रमणकारियों का मनोबल लगातार बढ़ता जा रहा है। बता दें कि मंगलवार को नगर प्रबंधक सह अतिक्रमण दस्ता के वरीय प्रभारी असगर अली और दस्ता प्रभारी जयप्रकाश यादव ने नगर निगम के बल और अन्य कर्मियों के साथ सूजागंज स्थित मुख्य बाजार, और कोतवाली चौक तक विशेष अभियान चलाया था।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

इस दौरान स्थाई दुकानों के सामने, सड़क किनारे, चौराहों के चारों तरफ आदि जगहों पर ठेला-खोमचा लगातार बैठे अतिक्रमणकारियों को खदेड़ा गया। साथ ही स्थायी दुकानदारों को चेतावनी दी गई कि अगर उनकी दुकानों के सामने अतिक्रमणकारी बैठते हैं तो जुर्माना स्थाई दुकानदारों पर लगाया जाएगा। इस निर्देश के अगले दिन यानी बुधवार को सूजागंज मुख्य बाजार में खलीफाबाग चौक से लेकर वेरायटी चौक और स्टेशन चौक तक शाम होने तक पहले वाली स्थिति बन गई, जहां खुलेआम अतिक्रमणकारी काबिज थे, और दुकानदार भी अपने दुकानों के सामने ठेला-खोमचा वालों को बैठाए हुए दिखे। वहीं बुधवार को नगर निगम की टीम इस इलाके में झांकने तक नहीं पहुंची। इधर खलीफाबाग चौक से लेकर कोतवाली चौक के बीच काफी राहत दिखी। हालांकि शाम होने तक कुछ ठेले-खोमचे वाले सड़क किनारे दिखे। पर महादेव टॉकिज के दोनों तरफ बैठने वाले स्ट्रीट वेंडरों को स्थानीय दुकानदारों ने दुकान लगाने नहीं दिया था। अतिक्रमण दस्ता प्रभारी जयप्रकाश यादव ने बताया कि नगर निगम के पास महज एक अतिक्रमण दस्ता है और उसमें भी सीमित मानव बल हैं। ऐसे में पूरे शहर में हर दिन अभियान चला पाना संभव नहीं है। भागलपुर पुलिस का सहयेाग लेने को लेकर वरीय प्रभारी के स्तर पर विचार विमर्श किया जा रहा है।