पूर्वी शहर को अवैध होर्डिंग मुक्त बनाने की मुहिम तेज

Apr 07, 2026 01:24 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, भागलपुर
share

भागलपुर नगर निगम ने शहर को साफ-सुथरा बनाने के लिए अवैध होर्डिंग और बैनरों के खिलाफ अभियान शुरू किया। सोमवार को अतिक्रमण शाखा ने पूर्वी शहर के विभिन्न इलाकों में कार्रवाई की, जिसमें कई अवैध विज्ञापनों को हटाया गया। नगर आयुक्त के निर्देश पर आगामी दिनों में शहर को पूरी तरह अवैध होर्डिंग से मुक्त करने का लक्ष्य है।

पूर्वी शहर को अवैध होर्डिंग मुक्त बनाने की मुहिम तेज

भागलपुर, वरीय संवाददाता। शहर को साफ-सुथरा और व्यवस्थित स्वरूप देने के लिए नगर निगम प्रशासन ने अवैध होर्डिंग और बैनरों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को नगर निगम की अतिक्रमण शाखा ने पूर्वी शहर के विभिन्न प्रमुख इलाकों में व्यापक अभियान चलाकर दर्जनों अवैध विज्ञापनों को जमींदोज कर दिया। ​निगम प्रशासन के निर्देश पर अतिक्रमण शाखा की टीम ने सोमवार सुबह से ही कार्रवाई शुरू की। इस दौरान बरारी रोड, डीएम आवास परिसर के समीप, बाइपास रोड स्थित ग्रीन सिटी कॉलोनी, तिलकामांझी और कटहलबाड़ी सहित एक दर्जन से अधिक स्थानों पर अभियान चलाया गया। सड़कों के किनारे और सार्वजनिक बिजली के खंभों पर लटके अवैध बैनरों को टीम ने जब्त कर लिया।​हटाए

गए होर्डिंग और बैनरों को ले जाने के लिए ट्रैक्टरों का सहारा लेना पड़ा। जब्त किए गए विज्ञापनों में अधिकांश स्थानीय कारोबारियों और राजनीतिक दलों से संबंधित थे। अतिक्रमण शाखा प्रभारी जय प्रकाश यादव ने बताया कि नगर आयुक्त के निर्देश पर अगले दो-तीन दिनों के भीतर पूरे पूर्वी शहर को अवैध होर्डिंग से पूरी तरह मुक्त करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा और दोबारा उल्लंघन करने वालों पर आर्थिक दंड भी लगाया जा सकता है। इसके बाद अन्य भागों में भी इसी तरह का वृहद अभियान चलाया जाएगा।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।