नगर निगम 16,300 कंबल खरीदेगा, विवादों से घिरा रहा है कंबल वितरण
टेंडर की प्रक्रिया शुरू, क्या इस ठंड में मिलेगा कंबल पिछले चार सालों में कंबल

भागलपुर, वरीय संवाददाता। ठंड से पहले जरूरतमंदों तक कंबल पहुंचाने के लिए भागलपुर नगर निगम ने इस साल 16,300 कंबल खरीदने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए 2 सितंबर को टेंडर जारी किया गया। जिसका उद्देश्य समय पर और अच्छी गुणवत्ता वाले कंबलों की खरीद सुनिश्चित करना है। नगर निगम का यह कदम पिछले कुछ सालों से चली आ रही विवादों की शृंखला को तोड़ने का प्रयास है। जब कंबल वितरण या तो बेमौसम हुआ या खराब गुणवत्ता के कारण चर्चा में रहा। खरीद प्रक्रिया का विस्तृत कार्यक्रम निविदा प्रक्रिया के तहत इच्छुक एजेंसियां 6 से 14 सितंबर तक टेंडर से संबंधित दस्तावेज ऑनलाइन अपलोड कर सकती हैं।
मंगलवार को एक प्री-बिड बैठक भी आयोजित की गई, जहां एजेंसियों ने अपने सवालों और सुझावों को रखा। टेंडर की हार्ड कॉपी और कंबल के सैंपल 15 सितंबर को जमा किए जाएंगे, जिसके बाद तकनीकी बिड खोली जाएगी। सफल एजेंसियों की सूची 18 सितंबर को जारी की जाएगी। नगर निगम ने शर्त रखा है कि चयनित एजेंसी को ऑर्डर मिलने के 30 दिनों के भीतर कंबल की आपूर्ति करनी होगी, लेकिन इससे पहले सैंपल को सशक्त स्थायी समिति की मंजूरी के लिए पेश किया जाएगा। विगत वर्षों के विवाद और इस बार की तैयारी पिछले कुछ सालों में नगर निगम की कंबल वितरण योजना ने अक्सर किरकिरी करवाई है। वर्ष 2024 में, जब पहले लॉट में 5,100 कंबल आए, तो उनकी गुणवत्ता इतनी खराब थी कि पार्षदों ने उन्हें लेने से मना कर दिया। बाद में हुई तकनीकी जांच में भी यह साबित हुआ कि कंबल घटिया थे। इसके बाद, एजेंसी ने दूसरे लॉट की डिलीवरी दी, जिसकी गुणवत्ता भी सवालों के घेरे में रही। हालांकि, तकनीकी जांच में इसे सही पाया गया, फिर भी 33 पार्षदों ने इनका बहिष्कार किया। इससे भी बुरा अनुभव वर्ष 2023 में रहा, जब किसी कारणवश टेंडर ही नहीं निकाला जा सका और वितरण योजना ठप रही। वहीं, 2022 में जो नगर निगम का चुनावी वर्ष था, समय पर और अच्छी गुणवत्ता वाले कंबलों की खरीद हुई, जिसका पार्षदों ने आसानी से वितरण किया। सशक्त स्थायी समिति सदस्यों के अनुसार 2022 से पहले कई बार तो गर्मी के मौसम में कंबलों की खरीद हुई, जिससे पूरी योजना ही हास्यास्पद बन गई थी। इस बार, नगर निगम ने दावा किया है कि वे इस योजना को पूरी तरह से व्यवस्थित, समय पर और अच्छी गुणवत्ता के साथ पूरा करेंगे। अब देखना यह है कि आगामी विधानसभा चुनाव और आदर्श आचार संहिता का इस प्रक्रिया पर क्या असर पड़ता है और क्या इस बार भागलपुर के जरूरतमंदों को समय पर ठंड से राहत मिल पाती है। कोट: कंबल खरीद के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। संभावना जताई जा रही है कि आदर्श आचार संहिता से पूर्व ही इसको लेकर टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। इस साल हर हाल में नवंबर माह में वितरण के लिए पार्षदों को कंबल मुहैया करा दिया जाएगा। - -शुभम कुमार, नगर आयुक्त, भागलपुर।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




