
सफाई और जलापूर्ति को मिलेंगे नए संसाधन, जेम पोर्टल से होगी खरीदारी
भागलपुर नगर निगम ने शहर की सफाई व्यवस्था और गर्मी में जल संकट से निपटने के लिए संसाधनों की कमी को दूर करने की प्रक्रिया तेज कर दी है। नई मशीनों और उपकरणों की खरीदारी की जा रही है, जिसमें दो लोडर बैक्हो मशीनें और 10 नए जल टैंकर शामिल हैं। तकनीकी मूल्यांकन के बाद जल्द से जल्द इन्हें शामिल किया जाएगा।
भागलपुर, वरीय संवाददाता। शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने और गर्मी के मौसम में संभावित जल संकट से निपटने के लिए नगर निगम प्रशासन ने संसाधनों की कमी को दूर करने की कवायद तेज कर दी है। नगर आयुक्त किसलय कुशवाहा की अध्यक्षता में गुरुवार को आयोजित जेम क्रय समिति की बैठक में नई मशीनों और उपकरणों की खरीदारी की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया। इस बैठक के दौरान आमंत्रित निविदा का तकनीकी मूल्यांकन किया गया। शहर में कचरा उठाव की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी और त्वरित बनाने के लिए निगम द्वारा दो लोडर बैक्हो मशीनें खरीदी जा रही है।
इस निविदा में दो एजेंसियों ने हिस्सा लिया था, जो तकनीकी मूल्यांकन में सफल पाई गई हैं। वहीं दूसरी ओर गर्मी के दस्तक देने से पहले जलापूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। शहर के उन इलाकों में जहां पाइपलाइन की पहुंच नहीं है या जहां जलस्तर गिरने से दिक्कतें आती हैं, वहां टैंकरों के माध्यम से पानी पहुंचाने की योजना है। इसके लिए निगम ट्रैक्टर सहित 10 नए जल टैंकरों की खरीदारी कर रहा है। नगर आयुक्त ने निर्देश दिया है कि तकनीकी प्रक्रिया पूरी होते ही जल्द से जल्द इन संसाधनों को बेड़े में शामिल किया जाए, ताकि आम जनता को बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशानी न उठानी पड़े।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




