एक सप्ताह में अगर एकरारनामा नहीं तो ठेकेदार होंगे ब्लैकलिस्ट

एक सप्ताह में अगर एकरारनामा नहीं तो ठेकेदार होंगे ब्लैकलिस्ट

संक्षेप:

भागलपुर के नगर आयुक्त शुभम कुमार ने योजना शाखा की बैठक में निविदा की स्थिति की समीक्षा की। 100 से अधिक सफल संवेदक एकरारनामा नहीं कर रहे हैं, जिससे सड़क और नाला जैसी योजनाएं प्रभावित हो रही हैं। आयुक्त ने एक सप्ताह में कार्रवाई करने का निर्देश दिया और लापरवाह संवेदकों की पहचान करने का आदेश दिया।

Dec 11, 2025 02:05 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, भागलपुर
share

भागलपुर, मुख्य संवाददाता। नगर आयुक्त शुभम कुमार ने बुधवार को योजना शाखा प्रभारी और अभियंताओं के साथ बैठक की। इसमें कई योजनाओं की स्थिति की समीक्षा की गई। समीक्षा में सामने आया कि निविदा फाइनल होने के बाद संवेदक एकरारनामा नहीं कर रहा है। पिछले तीन माह में ऐसे 100 से अधिक निविदा में सफल होने वाले संवेदक एकरारनामा नहीं करना चाहते हैं। जिससे शहर में सड़क, नाला व प्याऊ जैसी योजना धरातल पर नहीं उतर रही। इस समस्या को लेकर योजना शाखा प्रभारी को फटकार लगाते हुए कहा कि एक सप्ताह में अगर एकरारनामा नहीं करने वाले संवेदक को काली सूची में डाल दें।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

वहीं निविदा में असफल निविदा वाले संवेदक को अरनेस्ट मनी लौटाने का निर्देश दिया है। कितने को लौटाया और शेष कितने संवेदक बाकी हैं, उसकी सूची मांगी गई है। इसके साथ सिक्योरिटी राशि का भी ब्योरा मांगा गया है। योजना के कार्य अवधि पूरा होने के बाद भी सड़क व नाला का कार्य पूरा नहीं हुआ है। निगम के अभियंता ऐसी योजना की जांच करेंगे। इसकी रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश दिया है। योजना शाखा द्वारा लापरवाह संवेदक की पहचान कर निविदा रद करने व काली सूची में रखने आदि का प्रस्ताव भी देंगे। जिसके बाद कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ शहर के 18 वार्ड में पार्षद कक्ष के लिए जमीन उपलब्ध है। भवन निर्माण के लिए नगर आयुक्त ने तीन दिनों में निविदा जारी करने का निर्देश दिए।