जिले के सभी खिलाड़ियों को मिलेगी उड़ान
डीएम की अध्यक्षता में खेल के विकास को लेकर हुई बैठक खिलाड़ियों को अत्याधुनिक संसाधन

भागलपुर, वरीय संवाददाता जिले के खिलाड़ियों के सपनों को उड़ान मिलेगी। उन्हें जिले में अत्याधुनिक संसाधन खेल के लिए उपलब्ध कराए जाएंगे। इसमें सभी खेलों को शामिल किया जाएगा। दरअसल, जिले में खेलों के विकास को लेकर बुधवार को समीक्षा भवन में डीएम डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। इसमें सभी खेल संघों के प्रतिनिधियों के अलावा जिला खेल पदाधिकारी (डीएसओ) जय नारायण कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।बैठक में फुटबॉल, क्रिकेट, वॉलीबॉल, एथलेटिक्स, लॉन टेनिस और बैडमिंटन सहित विभिन्न खेलों के लिए मैदान चिह्नित करने और संबंधित खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधा प्रदान करने को लेकर संबंधित खेल संघों से उनके विचार लिए गए।
जानकारी ली गई कि किस खेल के लिए किस तरह का मैदान बनाया जाए, ताकि राष्ट्रीय स्तर के खेलों का भी आयोजन भागलपुर में कराया जा सके। साथ ही वैसी खेल सुविधा खिलाड़ियों को उपलब्ध कराई जाए, ताकि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भागलपुर में तैयार किया जा सके। क्रिकेट के लिए बीसीसीआई के मानक के अनुसार क्रिकेट का पिच और मैदान तैयार करना, उसकी लेबलिंग करना, दर्शक दीर्घा बनाना आदि पर विमर्श किया गया।निर्देश दिया गया कि राष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट खिलाड़ियों को तैयार करने के लिए नियमित रूप से अभ्यास और मैच का आयोजन क्रिकेट खेल संघ के पदाधिकारी कराते रहें। डीएम ने कहा कि वॉलीबॉल कोर्ट के समीप शौचालय, चेंजिंग रूम, पानी और प्रकाश की व्यवस्था की जरूरी है। बताया गया कि बीसीसीआई के मानक के अनुसार क्रिकेट ग्राउंड को 10 फीट बढ़ाना जरूरी है। डीएम ने डीएसओ से सक्रिय खेल संघ की सूची बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी खेल संघ खेल विभाग से संबंद्ध रहेंगे। खेल संघ अपने पदाधिकारी की सूची जिला खेल पदाधिकारी को उपलब्ध कराएंगे। बैठक में डीडीसी प्रदीप कुमार सिंह, नगर आयुक्त किसलय कुशवाहा, एडीएम, दिनेश राम, राकेश रंजन, संयुक्त निदेशक जनसंपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता सहित विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी मौजूद थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


