करोड़ों खर्च और सड़कों की खुदाई के बाद भी प्यासा भागलपुर, कागजों पर ही सिमटी जलापूर्ति योजना

Jan 06, 2026 02:00 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, भागलपुर
share Share
Follow Us on

दो में से एक जलमीनार तक पहुंचा डब्ल्यूटीपी का पानी, दूसरे को अब भी इंतजार

करोड़ों खर्च और सड़कों की खुदाई के बाद भी प्यासा भागलपुर, कागजों पर ही सिमटी जलापूर्ति योजना

भागलपुर, वरीय संवाददाता। शहर को स्वच्छ पेयजल मुहैया कराने के लिए शुरू की गई शहर जलापूर्ति योजना अपने दूसरे चरण में भी अव्यवस्था और तकनीकी खामियों की शिकार नजर आ रही है। प्रशासन की ओर से दावा किया गया था कि वाटर ट्रीटमेंट प्लांट (डब्ल्यूटीपी) से सीधे जलमीनारों को जोड़कर घरों तक पानी पहुंचाया जाएगा, लेकिन धरातल पर स्थिति इसके उलट है। हालिया पड़ताल में सामने आया है कि दूसरे फेज के तहत चिह्नित दो मुख्य जलमीनारों में से एक (आरसीडी कैंपस) तक पानी पहुंचकर बंद हो गया, जबकि दूसरी घंटाघर चौक जलमीनार को आज भी डब्ल्यूटीपी के कनेक्शन का इंतजार है।

सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि दूसरे चरण के नाम पर बीते तीन महीनों तक अस्पताल रोड, बड़ी खंजरपुर और कोयला घाट रोड जैसी व्यस्त सड़कों को काटकर खुदाई की गई। जनता ने पाइपलाइन बिछाने और लीकेज ठीक करने के नाम पर हफ्तों धूल और जाम की समस्या झेली, लेकिन इस भारी मशक्कत का कोई ठोस परिणाम नहीं निकला। आरसीडी कैंपस स्थित जलमीनार में कुछ दिनों के लिए डब्ल्यूटीपी से आपूर्ति शुरू जरूर हुई थी, जिससे स्थानीय लोगों में उम्मीद जगी थी, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण इसे फिर से बंद कर दिया गया। अब वहां दोबारा पुरानी और धीमी डीप बोरिंग प्रणाली से ही काम चलाया जा रहा है। वहीं घंटाघर चौक स्थित जलमीनार की स्थिति और भी बदतर है। यहां प्लांट से जलापूर्ति करने का दावा तो किया गया, लेकिन जलमीनार को डब्ल्यूटीपी के बीच के लीकेज को अब तक ठीक नहीं किया जा सका है। आज भी यहां डीप बोरिंग से ही पानी भरा जा रहा है, जिससे आपूर्ति का दबाव और समय दोनों सीमित हैं। पहले फेज की बात करें तो सुर्खीकल और हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी की स्थिति भी संतोषजनक नहीं है, जबकि आनंदगढ़ कॉलोनी की जलमीनार तो तकनीकी दिक्कतों के कारण आज तक शुरू ही नहीं हो पाई है। कुल मिलाकर, करोड़ों रुपये के निवेश और शहर की सूरत बिगाड़ने के बाद भी भागलपुर के लोगों को डब्ल्यूटीपी का शुद्ध पानी नहीं मिल पा रहा है। डब्ल्यूटीपी से आरसीडी परिसर स्थित जलमीनार तक पानी पहुंचाने के लिए सभी लीकेज को ठीक कर जलापूर्ति शुरू भी कर दी गई थी। पर पानी के इंटेक के लिए बनाई गई अस्थाई व्यवस्था विफल होने की वजह से इसे भी बंद करना पड़ा। जल्द ही घंटाघर चौक जलमीनार तक जलापूर्ति पहुंचाने की प्रक्रिया को पूर्ण कर लिया जाएगा। - मो. सद्दाम, सहायक अभियंता, बुडको, भागलपुर

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।