
रिहायशी इलाकों में अनाधिकृत कचरा ट्रांसफर स्टेशन, सेहत से खिलवाड़
शहर भर से कचरे के उठाव के बाद इन जगहों पर सड़क पर डंप किया
भागलपुर, वरीय संवाददाता। शहर के कई रिहायशी इलाकों को सफाई एजेंसियों की लापरवाही ने अनधिकृत कचरा ट्रांसफर स्टेशन में बदल दिया है। जिससे नागरिकों का जीवन नारकीय बन गया है और शहर की सबसे बड़ी समस्या खराब स्वच्छता प्रबंधन विकराल रूप ले चुकी है। हाल ऐसा तब है जब कुछ माह पूर्व ही भागलपुर शहर को पूरे देश में स्वच्छता सर्वेक्षण में अच्छी रैंक मिली थी। उस वक्त नगर निगम के पदाधिकारियों से लेकर जनप्रतिनिधियों तक ने बेहतर रैंक लाने पर अपनी पीठ थपथपाई थी। तातारपुर के लहेरी टोला मोड़ (काजवलीचक मोड़) और बड़ी पोस्ट ऑफिस के पास सुंदर लाल लेन जैसे घनी आबादी वाले क्षेत्र अब दिन भर के लिए पूरे इलाके के कचरे का डंपिंग ग्राउंड बन गए हैं।
कुछ यही हाल उर्दू बाजार रोड और बहुद्देशीय प्रशाल के पास भी देखने को मिलता है। सफाईकर्मी गलियों से ई-रिक्शा और ठेले से कचरा उठाते हैं और मोहल्लों के बाहर छोटे डंपिंग प्वाइंट पर लाते हैं। यहां से कचरा को ट्रैक्टर पर लाद कर आधिकारिक ट्रांसफर स्टेशन ले जाने का निर्देश दिया गया है। लेकिन इसे सीधे आधिकारिक ट्रांसफर स्टेशन (जैसे मुसहरी घाट और बबरगंज) ले जाने के बजाय, ट्रैक्टर चालक घंटों तक इसे इन रिहायशी इलाकों की सड़कों पर ही डंप कर देते हैं। इसको लेकर स्वास्थ्य शाखा प्रभारी अजय शर्मा ने कहा कि अगर सफाईकर्मी या एजेंसी के स्तर पर रिहायशी इलाकों में कचरा डंपिंग कर लापरवाही बरती जा रही है तो इसकी जांच कर रिपोर्ट नगर आयुक्त को समर्पित की जाएगी। डंपिंग से गुजरना दूभर, बीमारी का खतरा सड़क पर घंटों तक पड़े कचरे के ढेर से निकलने वाली सड़ांध और दुर्गंध इतनी असहनीय होती है कि इन रास्तों से पैदल गुजरना भी दूभर हो जाता है। मुंदीचक के रहने वाले पियुष कुमार और अमन सिंह ने बताया कि मुख्य सड़क से अपने मोहल्ले में आने के लिए इसी रास्ते का उपयोग करते हैं। कई बार तो सुंदर लाल लेन पर कचरा का ढेर इतना बढ़ जाता है कि सड़क पर कचरा फैल जाता है। काजवलीचक निवासी सुनील कुमार और आशीष प्रणव ने बताया कि गली के मुहाने पर ही हर दिन जमा होने वाले कचरे का दुर्गंध असहनीय होता है। दिन भर कचरा बजबजाने के बाद शाम या रात के वक्त इसका उठाव किया जाता है। सफाई की कार्यप्रणाली पर बड़ा सवाल शहरवासियों का कहना है कि कचरा दिन भर रिहायशी इलाकों में सड़ता है और उसे रात को जेसीबी और हाईवा से उठाकर आधिकारिक ट्रांसफर स्टेशन भेजा जाता है। यह जानलेवा लापरवाही स्वच्छता प्रबंधन के मूल सिद्धांतों का उल्लंघन है और दिखाता है कि नागरिक स्वास्थ्य को पूरी तरह नजरअंदाज किया जा रहा है। लोगों ने कहा कि प्रशासन को इस पर तुरंत संज्ञान लेना चाहिए और लापरवाह कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि कचरा सीधे और समय पर आधिकारिक ट्रांसफर स्टेशन पर पहुंचे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




