मछली-भात भोज में गरमाई जिप की राजनीति
फोटो पूर्व जिप अध्यक्ष ने रिक्त हो रहे पद पर पुन: जताई इच्छा अभी उपाध्यक्ष
भागलपुर, मुख्य संवाददाता। जिला परिषद के अध्यक्ष की रिक्त हो रही कुर्सी पर दावेदारी की कवायद शुरू हो गई है। जिप अध्यक्ष मिथुन कुमार नाथनगर से विधायक बन गए हैं। ऐसे में उनके द्वारा दो-चार दिन में दिए जाने वाले इस्तीफे के बाद रिक्त पड़े अध्यक्ष पद की दावेदारी के लिए सोमवार को कचहरी चौक के पास एक होटल में मछली-भात का दावत दिया गया। जिसमें चार महिला समेत कई जिप सदस्य उपस्थित हुए। इस बैठक में जिप उपाध्यक्ष प्रणव कुमार यादव उर्फ पप्पू यादव उपस्थित नहीं रहे। क्योंकि उन्हें नहीं बुलाया गया था। जानकारी के मुताबिक, करीब डेढ़ साल पहले विक्षुब्ध जिला पार्षदों द्वारा लाए गए अविश्वास प्रस्ताव के बाद हटाए गए पूर्व अध्यक्ष अनंत कुमार उर्फ टुनटुन साह फिर से इस पद पर काबिज होना चाहते हैं।
मछली-भात की दावत उन्होंने ही दी थी। जिसमें कुछ पार्षद शामिल हुए। अनंत ने पुराने मनमुटाव को भूलकर फिर से साथ देने के लिए पार्षदों को रजामंद किया। इस बैठक में अध्यक्ष पद की दावेदारी धनंजय मंडल ने की। लेकिन उनके नाम पर एका नहीं बन पाया तो उन्होंने भी अनंत को ही मदद करने की इच्छा जताई। सुल्तानगंज के अजय दास ने भी अध्यक्ष बनने की इच्छा जताई। जिसपर सहमति नहीं बन पाई। अनंत ने नये समीकरण के तहत उपाध्यक्ष पद पर भी अविश्वास प्रस्ताव लाने की चर्चा की। लेकिन पार्षद जयप्रकाश मंडल और अन्य ने इसका विरोध किया। कई पार्षदों ने कहा कि उपाध्यक्ष के पद पर फिलहाल कोई बदलाव की जरूरत नहीं है। हमलोग सिर्फ अध्यक्ष पद के लिए एकजुट हों। जो सदस्य बैठक में नहीं आ सके हैं, उन्हें भी जल्द बुलाकर मनाने की कवायद हो। इस पर अनंत साह लगभग राजी हो गए। बैठक में जयप्रकाश मंडल, डब्लू सिंह आदि ने कहा कि कवायद जारी रहे। जिप अध्यक्ष मिथुन कुमार जब इस्तीफा देंगे और नये अध्यक्ष के चयन के लिए प्रशासन पत्र जारी करेगा। तब तक अन्य पार्षदों को मनाने का प्रयास होते रहना चाहिए। इधर, जिप उपाध्यक्ष पप्पू यादव ने बताया कि उन्हें मछली-भात भोज की जानकारी नहीं है। उन्हें किसी ने बुलाया नहीं। बिना बुलाए ही किसी के भोज आदि में शामिल होना मेरे जैसे व्यक्ति को शोभा नहीं देता है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




