दावों और डेडलाइन के बीच फंसा बरारी विद्युत शवदाह गृह का निर्माण
अब बुडको ने अप्रैल 2026 तक चालू करने का बनाया नया लक्ष्य मशीनों की खरीद

भागलपुर, वरीय संवाददाता। बरारी श्मशान घाट स्थित निर्माणाधीन अत्याधुनिक विद्युत शवदाह गृह का कार्य एक बार फिर चर्चा में है। नगर आयुक्त द्वारा जनवरी माह में की गई समीक्षा बैठक में यह स्पष्ट हुआ है कि करोड़ों की लागत वाली यह महत्वपूर्ण परियोजना अब भी तकनीकी और वित्तीय कारणों से अधूरी है। हालांकि नगर निगम और बुडको ने अब इसे अप्रैल 2026 तक हर हाल में चालू करने का नया लक्ष्य निर्धारित किया है, लेकिन बार-बार बदलती समय सीमा ने स्थानीय नागरिकों की उम्मीदों पर सवालिया निशान लगा दिया है। समीक्षा के दौरान बुडको के परियोजना निदेशक ने स्वीकार किया कि बरारी शवदाह गृह का भौतिक कार्य अब तक केवल 75 प्रतिशत ही पूरा हो सका है।
असैनिक कार्य समाप्ति के करीब है, लेकिन इलेक्ट्रो-मैकेनिकल कार्य, जो इस परियोजना की आत्मा है, लंबे समय से लंबित पड़ा है। देरी का मुख्य कारण फंड का अभाव बताया गया है। आवंटन की कमी के चलते संवेदक ने काम की गति धीमी कर दी थी। हालांकि नगर आयुक्त ने निर्देश दिया है कि फरवरी तक निर्माण कार्य निश्चित रूप से पूर्ण हो जाना चाहिए। उन्होंने उप नगर आयुक्त राजेश कुमार पासवान, जलकल अधीक्षक और सहायक जलकल अधीक्षक को एक विशेष जांच दल के रूप में नियुक्त किया है। यह टीम जांच करेगी कि निर्माण कार्य एकरारनामा के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण है या नहीं। निर्माण कार्य करा रहे संवेदक राजेश सिंह के अनुसार इस परिसर में दो मुख्य भवन बनाए जा रहे हैं। पहले भवन में दो विद्युत शवदाह मशीनें लगाई जाएंगी, जबकि दूसरे भवन में पंजीकरण काउंटर, प्रतीक्षालय, कर्मियों के लिए रेस्टरूम और टूल रूम जैसी सुविधाएं होंगी। मशीनों की खरीद प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और अब केवल इंस्टॉलेशन का इंतजार है। रविवार को विद्युत शवदाह गृह निर्माण स्थल का निरीक्षण किया गया है। संवेदक को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि मार्च तक भवन का निर्माण कार्य और फिनिशिंग का कार्य पूरा कर लिया जाए। साथ ही अप्रैल तक इलेक्ट्रो मैकेनिकल कार्य और मशीनों के अधिष्ठापन का कार्य पूरा कर लिया जाए। अप्रैल 2026 तक नए विद्युत शवदाह गृह का निर्माण कार्य पूरा कर उसे चालू करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। - राजेश कुमार, परियोजना निदेशक सह कार्यपालक अभियंता, बुडको, भागलपुर।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


