Hindi NewsBihar NewsBhagalpur NewsAwareness Campaign Against Child Marriage Launched in Bihar
लखीसराय: बाल विवाह मुक्त अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

लखीसराय: बाल विवाह मुक्त अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

संक्षेप:

लखीसराय में महिला एवं बाल विकास निगम और जिला विधिक प्राधिकार ने बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने बाल विवाह के दुष्प्रभावों के बारे में बताया और इस प्रथा के खिलाफ शपथ दिलाई। छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। माहवारी स्वच्छता किट का वितरण भी किया गया।

Dec 29, 2025 06:58 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, भागलपुर
share Share
Follow Us on

लखीसराय, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। महिला एवं बाल विकास निगम एवं जिला विधिक प्राधिकार के संयुक्त तत्वाधान में सोमवार को बड़हिया के पहाड़पुर गांव स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में 100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता सह शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अध्यक्षता महिला एवं बाल विकास निगम जिला परियोजना प्रबंधक डॉ मनोज कुमार सिन्हा ने किया। उद्घाटन जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार, सामाजिक कार्यकर्ता विनोद कुमार, डॉ मनोज कुमार सिन्हा, अधिकार मित्र अजय कुमार यादव एवं वार्डन सह शिक्षिका सुधा कुमारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। छात्राओं ने स्वागत गीत के माध्यम से अतिथियों का स्वागत किया।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

प्रशांत कुमार ने बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के बारे में विस्तृत जानकारी दिया। डॉ मनोज कुमार सिन्हा ने कहा कि बाल विवाह बच्चों के अधिकारों का हनन करता है। हिंसा एवं यौन शोषण जैसे खतरों से इनकार नहीं किया जा सकता। बाल विवाह न सिर्फ बचपन खत्म करता है बल्कि पढ़ाई के साथ साथ पूरा भविष्य ही खत्म कर देता है। बाल विवाह का सीधा असर न केवल लकड़ियों पर पड़ता है बल्कि उनके परिवार व समाज पर भी होता है। गर्भावस्था एवं प्रसव के दौरान गंभीर समस्या के कारण अक्सर नाबालिग लड़कियों की मृत्य भी हो जाती है। इसलिए बाल विवाह का बहिष्कार करें और जनभागीदारी में सहयोग करें। विनोद कुमार ने कहा कि बाल विवाह समाज की जड़ों तक फैली हुई बुराई व लैंगिक असमानता का ज्वलंत उदाहरण है। बाल विवाह से अर्थव्यवस्था पर भी नकारात्मक प्रभाव डालता है और यह पीढ़ी दर पीढ़ी लोगों को गरीबी की ओर धकेलता चला जाता है। बाल विवाह करना या कराना कानूनी रूप से जुर्म भी है जिसके लिए एक लाख रुपया जुर्माना व दो साल कारावास तक हो सकता है। इसलिए इसका विरोध करें और जिला प्रशासन का सहयोग कर इस कुरीति को दूर करें। अजय कुमार यादव ने कहा असहाय एवं कानूनी मदद के लिए टॉल फ्री नंबर 15100 एवं बाल संबंधित शिकायत के लिए चाईल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर संपर्क कर सकते हैं। सुधा कुमारी ने माहवारी स्वच्छता प्रबंधन के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दिया। मौके पर दर्जनों छात्र छात्रा मौजूद थे। अंत में बाल विवाह रोकथाम हेतु सामूहिक रूप से शपथ भी दिलाया गया। माहवारी स्वच्छता प्रबंधन किट्स का वितरण किया गया।