
खेत से लौट रहे युवक पर बदमाशों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, गई जान
रंगरा में भवानीपुर एनएच 31 स्थित टावर चौक के पास हुई घटना बदमाशों ने युवक
रंगरा थाना क्षेत्र के भवानीपुर में एनएच 31 पर टावर चौक के पास गुरुवार की शाम हथियारबंद बदमाशों ने एक युवक को ताबड़तोड़ गोलियां मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान पिंटू कुमार (21), पिता जवाहर यादव, निवासी भवानीपुर के रूप में हुई है। घटना से इलाके में दहशत फैल गई है। परिजनों के अनुसार, पिंटू कुमार अपने दियारा क्षेत्र के खेत में खाद छिड़काव का काम करने के बाद पैदल घर लौट रहा था। पहले से घात लगाए बदमाशों ने टावर चौक के पास उस पर फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों ने उसके सिर में चार गोलियां मारीं, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटनास्थल से चार खाली खोखे बरामद किए गए, जिन्हें परिजनों ने पुलिस को सौंप दिया। मृतक दो भाइयों में बड़ा था और अविवाहित था। उसके परिवार में एक बड़ी बहन और छोटा भाई सिंटू कुमार है, जो बाहर रहकर कमाई करता है। मृतक के पिता जवाहर यादव दो महीने पहले पड़ोसी चंदेश्वरी यादव के बेटे संजय यादव से भैंस चराने के विवाद में मारपीट के बाद जेल में हैं। परिजनों और एसडीपीओ ओमप्रकाश ने पुरानी रंजिश को हत्या का मुख्य कारण बताया है। सूचना मिलते ही रंगरा थानाध्यक्ष विश्वबंधु और नवगछिया थाना इंस्पेक्टर रविशंकर सिंह की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, भौगोलिक बिंदु और पुरानी रंजिश के मामलों की छानबीन कर रही है। एनएच 31 जैसे व्यस्त मार्ग पर दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में डर का माहौल है। पुलिस ने बदमाशों की शीघ्र गिरफ्तारी का दावा किया है। हत्या का कारण पुराना विवाद हत्या के विषय में एसपी कार्यालय से प्रेस रिलीज कर बताया गया है कि घटना के बाद डीएसपी रक्षित द्वारा घटनास्थल पर जाकर जांच पड़ताल की गई और एफएसएल टीम द्वारा साक्ष्य संकलन किया जा रहा है। कांड को देखते हुए एसपी द्वारा एक विशेष टीम गठित की गई है। टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर बदमाशों की पहचान कर ली गई है। जल्द ही उसकी गिरफ्तारी होगी। कांड के प्रारंभिक जांच में घटना का कारण पुराने विवाद की बात सामने आ रहीं है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




