अररिया: प्रिंस यादव की संदिग्ध मौत पर आक्रोश, सीबीआई जांच की मांग
अररिया से फुलेंद्र मल्लिक की रिपोर्ट फारबिसगंज, निज संवाददाता। नेपाल में ज्ञान बिंदु जीएस एकेडमी

अररिया से फुलेंद्र मल्लिक की रिपोर्ट फारबिसगंज, निज संवाददाता। नेपाल में ज्ञान बिंदु जीएस एकेडमी के संस्थापक एवं शिक्षाविद रोशन आनंद के छोटे भाई प्रिंस यादव की संदिग्ध परिस्थिति में हुई मौत को लेकर फारबिसगंज में युवा और छात्रों ने कैंडल मार्च निकाला। फिर श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की। फारबिसगंज युवा संघ के बैनर तले आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-युवा शामिल हुए। सभा में वक्ताओं ने कहा कि प्रिंस यादव की मौत कई सवाल खड़े करती है, इसलिए पूरे मामले की गहन जांच कर सच्चाई सामने लाई जानी चाहिए।
साथ ही घटना के पीछे यदि किसी प्रकार की साजिश है तो उसकी पहचान कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित युवाओं ने कहा कि शिक्षा जगत से जुड़े लोगों के साथ होने वाली घटनाएं चिंताजनक हैं और ऐसे मामलों में पारदर्शी जांच आवश्यक है। उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार से मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने की मांग की ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और समाज में कानून के प्रति विश्वास बना रहे। श्रद्धांजलि सभा में युवाओं ने कहा कि मामले की जांच किसी सक्षम एजेंसी से कराई जानी चाहिए तथा जांच के दायरे में सभी पहलुओं को शामिल किया जाना चाहिए। उपस्थित लोगों ने यह भी मांग की कि यदि जांच में किसी व्यक्ति या समूह की संलिप्तता सामने आती है तो उसके विरुद्ध अविलंब कानूनी कार्रवाई की जाए। स्थानीय द्विजदेनी मैदान से निकली यह कैंडल मार्च रेलवे स्टेशन परिसर जाकर समाप्त हो गई और सभा में बदल गई । इस मौके पर सभा के अंत में दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत प्रिंस यादव की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की गई। इस अवसर पर रोशन साह, सोनू नंदा, कृष्ण कुमार, भूषण गुप्ता, विशाल झा, रंजीत यादव, विशाल आनंद, धनंजय मंडल, गौरव पासवान, प्रीतम कुमार, सुजीत यादव, किशन मंडल, राजेश साह, अमित यादव, अंकित दास, राजीव यादव, मनीष, शिवानंद, प्रहलाद सरदार, सुभाष यादव, आलोक पासवान सहित बड़ी संख्या में छात्र एवं युवा उपस्थित थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


