
किशनगंज। आदर्श मध्य विद्यालय तुलसिया में दो दिवसीय वार्षिक उत्सव, स्पोर्ट्स मीट व बाल मेला का शुभारंभ
दिघलबैंक के आदर्श मध्य विद्यालय तुलसिया में वार्षिक उत्सव, स्पोर्ट्स मीट एवं बाल मेला का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन वरिष्ठ शिक्षकों द्वारा किया गया। प्रभारी प्रधानाध्यापक ने बाल मेला को बच्चों के विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। पहले दिन विभिन्न खेलों का आयोजन हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साह से भाग लिया।
दिघलबैंक। विभागीय निर्देश के आलोक में शुक्रवार को आदर्श मध्य विद्यालय तुलसिया, दिघलबैंक में दो दिवसीय वार्षिक उत्सव, स्पोर्ट्स मीट एवं बाल मेला का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन सेवा निवृत्त प्राचार्य विनोदानंद ठाकुर, प्रभारी प्रधानाध्यापक राजेश कुमार सिंह, प्रखंड संसाधन केंद्र से डाटा ऑपरेटर कामरान अख्तर एवं तौहीद आलम, साधन सेवी प्रमोद द्विवेदी तथा शिक्षक ब्रह्मदेव प्रसाद सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया ।इस अवसर पर प्रभारी प्रधानाध्यापक राजेश कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि बाल मेला बच्चों के सर्वांगीण विकास एवं उनके सपनों को उड़ान देने का सशक्त माध्यम है।
उन्होंने कहा कि हर बच्चा विशेष होता है और उसका प्रत्येक प्रयास सराहना के योग्य है। बाल मेला बच्चों को रचनात्मकता, नवाचार एवं आत्मनिर्भरता की सीख देता है, स्पोर्ट्स मीट अनुशासन, टीम भावना एवं संघर्ष का महत्व सिखाता है, जबकि वार्षिक उत्सव बच्चों को आत्मविश्वास प्रदान करता है।कार्यक्रम के पहले दिन विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें 100 मीटर दौड़ (बालक एवं बालिका), लंबी कूद, ऊँची कूद, थ्री लेग्स रेस, साइकिलिंग, बोरा दौड़, स्पून बॉल रेस, बिस्किट दौड़ तथा कबड्डी प्रतियोगिता शामिल थीं। सभी प्रतियोगिताओं में बालक एवं बालिका विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और खेल भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।प्रभारी प्रधानाध्यापक ने बताया कि कार्यक्रम के दूसरे दिन सांस्कृतिक कार्यक्रम, अभिभावक-शिक्षक बैठक का आयोजन किया जाएगा तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर विद्यालय परिसर में बच्चों एवं अभिभावकों में उत्साह का माहौल देखा गया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




