सामान्य बोर्ड में आजाद क्रीड़ा मैदान के सौंदर्यीकरण की उठी मांग
अकबरनगर नगर पंचायत की बैठक में कई प्रस्तावों को किया गया पारित वित्तीय वर्ष 2026-27

अकबरनगर नगर पंचायत की सामान्य बोर्ड की बैठक में गुरुवार को कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित किया गया। बैठक की अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष किरण देवी ने की, जिसमें उपाध्यक्ष अनिल कुमार सहित सभी पार्षद एवं अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में इस बार शहर के एकमात्र आजाद क्रीड़ा मैदान की बदहाल स्थिति प्रमुख मुद्दे के रूप में उठी। उप मुख्य पार्षद ने कहा कि यह मैदान सैकड़ों लोगों के रोजाना उपयोग में आता है, लेकिन इसकी स्थिति काफी खराब हो चुकी है, जिससे आमलोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए प्रस्तावित लगभग 49 करोड़ रुपये के बजट को भी मंजूरी दी गई।
इससे पहले इस बजट को सशक्त स्थायी समिति द्वारा पारित किया गया था। बोर्ड की स्वीकृति के बाद अब यह बजट लागू हो जाएगा। बैठक में नगर के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। सड़क निर्माण, नाला निर्माण, पेयजल व्यवस्था, स्वच्छता और प्रकाश व्यवस्था को लेकर कई प्रस्ताव पारित किए गए। इसके साथ ही ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन को बेहतर बनाने पर भी विशेष जोर दिया गया। अध्यक्ष किरण देवी ने कहा कि पारित प्रस्तावों के माध्यम से नगर के विकास कार्यों में तेजी लाई जाएगी और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने सभी पार्षदों और सदस्यों के सहयोग के लिए धन्यवाद दिया। बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी निशांत कुमार, अन्य पदाधिकारी एवं सभी वार्ड पार्षद उपस्थित रहे। नगर पंचायत की इस बैठक को विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को और मजबूत किया जाएगा।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


