किशनगंज : विवाद में तेजाब फेंकने का आरोप, दंपती गिरफ्तार

Mar 06, 2026 05:47 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, भागलपुर
share

किशनगंज जिले के कादोगांव गांव में एक पुरानी विवाद के चलते एक दंपती ने चार लोगों पर तेजाब फेंक दिया। इस घटना में सभी लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।

किशनगंज : विवाद में तेजाब फेंकने का आरोप, दंपती गिरफ्तार

पौआखाली। किशनगंज जिले के सुखानी थाना क्षेत्र के कादोगांव गांव में गुरुवार की की रात 8 बजे पड़ोसियों के बीच चल रहा पुराना विवाद अचानक हिंसक हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान एक दंपती ने चार लोगों पर तेजाब फेंक दिया, जिससे वे गंभीर रूप से झुलस गए। सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार कादोगांव निवासी पिंकी दास ने सुखानी थाना में लिखित शिकायत देकर अपने पड़ोसी दीपक सिंह और उसकी पत्नी कौनी देवी पर तेजाब फेंकने का आरोप लगाया है। शिकायत में बताया गया है कि दोनों परिवारों के बीच काफी समय से आपसी विवाद चल रहा था और अक्सर कहासुनी की स्थिति बनती रहती थी।

बताया जाता है कि गुरुवार की रात 8 बजे पिंकी दास के पति भेलू दास, पुत्र सुशांत दास, मनोज ठाकुर और भुला साहनी विवाद को सुलझाने के उद्देश्य से पड़ोसी के घर पहुंचे थे। इसी दौरान बातचीत के दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ गई और मामला अचानक उग्र हो गया। आरोप है कि इसी दौरान गुस्से में आकर दीपक सिंह और उसकी पत्नी कौनी देवी ने चारों लोगों पर तेजाब फेंक दिया। तेजाब के संपर्क में आने से सभी झुलस गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलते ही सुखानी थाना अध्यक्ष मनु कुमारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित दीपक सिंह और कौनी देवी को गिरफ्तार कर लिया। घटनास्थल से तेजाब फेंकी गई बोतल जप्त की गई है। घटनास्थल को संरक्षित करते हुए वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल टीम को सूचित किया गया है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।