Bhagalpur News: शाहकुंड में बीस सूत्री की बैठक में पैक्स को प्राप्त पांच लाख रुपए प्रोत्साहन राशि का हिसाब मांगा
Bhagalpur News: शाहकुंड में बीस सूत्री की बैठक हुई, जिसमें प्रोत्साहन राशि के दुरुपयोग की आशंका जताई गई। सदस्य नीरज प्रसाद ने धान अधिप्राप्ति की कुव्यवस्थाओं का मुद्दा उठाया। जलमीनार की पानी सप्लाई की समस्या पर भी चर्चा हुई। अन्य मुद्दों में अतिक्रमण और प्रशासनिक सुविधाओं पर बात हुई।

Bhagalpur News: शाहकुंड, एक संवाददाता। प्रखंड मुख्यालय स्थित जनप्रतिनिधि भवन में शुक्रवार को बीस सूत्री की बैठक अध्यक्ष विनय कुमार की अध्यक्षता में हुई। इसमें कसवा खेरही पैक्स को वर्ष 2024 में प्रोत्साहन राशि के रूप में मिली राशि का हिसाब सदस्य हरिहर प्रसाद सिंह ने मांगा। उन्होंने कहा कि आशंका है कि इस राशि का दुरुपयोग किया गया है। बैठक में उपस्थित बीसीओ चंद्रप्रकाश ने कहा कि इसका हिसाब प्राप्त कर दिया जाएगा। सदस्य नीरज प्रसाद ने धान अधिप्राप्ति के समय मिलर द्वारा प्रति लॉट 15 क्विंटल अधिक धान लिए जाने की कुव्यवस्था को समाप्त करने का मामला उठाया। पैक्सों में प्राप्त टैक्टर का भी दुरुपयोग होने एवं इसे सुचारू ढंग से उपयोग नहीं करने का भी सदस्यों ने मामला उठाया।
अध्यक्ष द्वारा दीनदयालपुर के किसान को धान की राशि नहीं मिलने से संबंधित सवाल उठाया गया।कल्याण पदाधिकारी द्वारा विभाग से मिलनेवाली सुविधाओं के बारे में जानकारी दी गई। रामपुरडीह में पिछले 29 जून से बंद पड़े जलमीनार से पानी सप्लाई को लेकर सदस्य नीरज प्रसाद और संजय चौधरी ने लोगों को हो रही समस्या को रखा गया। इस पर पीएचईडी की कनीय अभियंता नेहा कुमारी ने कहा कि मोटर रिपेयरिंग के लिए भेज दिया गया है। पानी सप्लाई के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है। हाजीपुर, लौगांय सात नंबर वार्ड और सजौर में भी पानी सप्लाई की समस्या को सदस्यों ने रखा। बेल्थू 11 नंबर वार्ड में बोरिंग कराने की मांग सदस्य ने उठाई। पुतुल सिंह ने अंबा में सिंचाई नाला को अतिक्रमण मुक्त करने, दिवाकर राय ने राजस्व कर्मचारी को संबंधित हल्का में बैठने का समय निर्धारित करने का मामला उठाया गया। इस पर सीओ ने आश्वासन दिया। इसके अलावा बाल विकास परियोजना, कृषि, स्वास्थ्य और बिजली से संबंधी विषयों पर भी चर्चा हुई। बैठक में प्रखंड प्रमुख अंजना देवी, बीडीओ राजीव रंजन सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य मौजूद थे।


