Hindi NewsBihar NewsBhagalpur NewsABVP Protests Against Munger University Administration Over Delays in Academic Sessions
खगड़िया : कुलपति के खिलाफ एबीवीपी ने किया विरोध प्रदर्शन

खगड़िया : कुलपति के खिलाफ एबीवीपी ने किया विरोध प्रदर्शन

संक्षेप:

खगड़िया के कोसी कॉलेज में एबीवीपी ने कुलपति डॉ. संजय कुमार का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय प्रशासन यूजी सत्र 2024-2028 और 2023-2027 को नियमित करने में देरी कर रहा है, जिससे उनका भविष्य प्रभावित हो रहा है। छात्रों ने समय पर मार्कशीट और परीक्षा शुल्क में वृद्धि का भी विरोध किया।

Dec 13, 2025 05:26 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, भागलपुर
share Share
Follow Us on

खगड़िया, एक प्रतिनिधि। शहर के कोसी कॉलेज में शनिवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की कोसी कॉलेज इकाई ने मुंगेर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. संजय कुमार का पुतला दहन कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। यह कार्यक्रम कॉलेज मंत्री साक्षी कुमारी के नेतृत्व में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा यूजी सत्र 2024–2028 और 2023–2027 को नियमित करने में लगातार देरी की जा रही है, जिससे छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। छात्रों ने यह भी मांग की कि मार्कशीट समय पर उपलब्ध कराई जाए, ताकि वे आगे की पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं में बिना बाधा शामिल हो सकें।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

प्रदर्शनकारी छात्रों का नेतृत्व कर रही साक्षी कुमारी बताया कि परीक्षा फॉर्म में 500 रुपये अतिरिक्त शुल्क लिए जाने का भी विरोध किया। उनका कहना था कि विश्वविद्यालय प्रशासन बिना किसी स्पष्ट कारण के छात्रों पर आर्थिक बोझ डाल रहा है, जो किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। इसी मुद्दे को लेकर कुलपति का पुतला दहन किया गया। कार्यक्रम में मौजूद एबीवीपी के जिला संयोजक नीतीश पासवान ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन की मनमानी लगातार बढ़ती जा रही है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ और छात्रों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो विद्यार्थी परिषद बड़े स्तर पर आंदोलन करने के लिए मजबूर होगी। वही पूर्व कॉलेज अध्यक्ष निलेश सिंह ने भी छात्रों की मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय को जल्द से जल्द सत्र नियमित करना चाहिए और अतिरिक्त शुल्क की वसूली पर रोक लगानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि मांगें पूरी नहीं हुईं, तो एबीवीपी उग्र आंदोलन की राह अपनाने से पीछे नहीं हटेगी। परिषद के पप्पू पांडे ने स्पष्ट रूप से कहा कि परिषद के कार्यकर्ता छात्रों के हितों से जुड़े मुद्दों पर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेंगे। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और जल्द कार्रवाई की मांग की। इस अवसर पर परिषद के रौशन राणा, दिव्या कुमारी आदि उपस्थित थी।