ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहार भागलपुर50 हजार का इनामी राजू मिश्रा जमशेदपुर में गिरफ्तार

50 हजार का इनामी राजू मिश्रा जमशेदपुर में गिरफ्तार

भागलपुर का 50 हजार का इनामी बदमाश और पिछले 19 साल से फरार राजू उर्फ राजेश मिश्रा को पुलिस ने जमशेदपुर के परसुडीह स्थित शांति निकेतन अपार्टमेंट से गिरफ्तार कर लिया है। उसपर हत्या और रंगदारी जैसे डेढ़...

50 हजार का इनामी राजू मिश्रा जमशेदपुर में गिरफ्तार
हिन्दुस्तान टीम,भागलपुरMon, 28 May 2018 01:49 AM
ऐप पर पढ़ें

भागलपुर का 50 हजार का इनामी बदमाश और पिछले 19 साल से फरार राजू उर्फ राजेश मिश्रा को पुलिस ने जमशेदपुर के परसुडीह स्थित शांति निकेतन अपार्टमेंट से गिरफ्तार कर लिया है। उसपर हत्या और रंगदारी जैसे डेढ़ दर्जन मामले दर्ज हैं। भागलपुर पुलिस की टीम उसे साथ लेकर जमशेदपुर से चल चुकी है। राजू ललमटिया थाना क्षेत्र के कबीरपुर का रहने वाला है।

जमीन का कारोबार कर रहा था

राजू मिश्रा पिछले कई साल से छिपकर जमशेदपुर में रह रहा था। वहां पर वह जमीन के कारोबार से जुड़ गया था। बताया गया है कि वह किताडीह में रहता था जहां से कुछ दिनों पहले ही परसुडीह रहने आया था। स्थानीय लोगों को उसके आपराधिक चरित्र का पता नहीं था। पुलिस उसकी तलाश में रेड करने पहुंची तब लोगों को पता चला कि उनके बीच कुख्यात अपराधी छिप कर रह रहा था।

बॉक्स

मनोज जैन हत्याकांड का मुख्य आरोपी था

राजू मिश्रा 2004 में नाथनगर के सीटीएस रोड में हुए मनोज जैन हत्याकांड का मुख्य आरोपी था। इसके अलावा कोतवाली इलाके में 2003 में ही व्यवसायी से रंगदारी मांगने का भी केस राजू और उसके भाई अजय मिश्रा पर दर्ज किया गया था। कोतवाली इलाके में ही पुस्तक विक्रेता पर हमला करने का भी एक केस उसपर दर्ज होने की बात कही गयी है। विभिन्न थाना क्षेत्रों में उसपर 18 से ज्यादा मामले दर्ज हैं।

बॉक्स

भाई भी इनामी बदमाश, जमशेदपुर से ही पकड़ा गया था

राजू मिश्रा का भाई अजय मिश्रा भी 50 हजार का इनामी बदमाश रहा है। उसे दो फरवरी 2015 में जमशेदपुर के आदित्यपुर से उसके भाई के यहां से गिरफ्तार किया गया था। उसे तब पकड़ा गया था जब वह अपनी मां की मृत्यु के बाद वहां गया था। अजय मिश्रा पर भी एक दर्जन से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं जिनमें हत्या, रंगदारी व अन्य मामले हैं। अजय के बारे में बताया गया कि वह जमानत पर फिलहाल बाहर है।

भाइयों का जमशेदपुर कनेक्शन

पहले अजय मिश्रा और अब राजू मिश्रा के जमशेदपुर से पकड़े जाने पर उनका जमशेदपुर कनेक्शन साफ दिख रहा है। अजय और राजू के एक भाई विजय मिश्रा के बारे में बताया गया कि वह झारखंड पुलिस में है। चार भाईयों में एक गुडुल मिश्रा की हत्या हो चुकी है। गुडुल भी नामी बदमाश था। बताया गया है कि भागलपुर से भागने के बाद अजय और राजू जमशेदपुर में ही अपना ठिकाना बनाकर रह रहे थे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें