कटिहार: कटिहार में वैशाली के छात्र की संदिग्ध मौत, कमरे में पंखे से लटका मिला शव
कटिहार के भेड़िया रहिका में पॉलिटेक्निक कॉलेज के छात्र राजू राय की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। राजू की परिजनों से अंतिम बातचीत 24 घंटे पहले हुई थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दो छात्रों को हिरासत में लिया है।

कटिहार, एक संवाददाता। सहायक थाना क्षेत्र के भेड़िया रहिका इलाके में पॉलिटेक्निक कॉलेज के एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान 22 वर्षीय राजू राय के रूप में हुई है, जो वैशाली जिले के देसरी थाना क्षेत्र अंतर्गत महनार नया गांव निवासी दामोदर राय का पुत्र था। परिजनों ने मामले को हत्या बताया है। बताया जाता है कि राजू भेड़िया रहिका स्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज में मैकेनिकल विंग के सेकेंड ईयर का छात्र था। वह पिछले डेढ़ वर्ष से सहायक थाना क्षेत्र के भेड़िया रहिका वार्ड संख्या एक निवासी अवधेश कुमार सिंह के किराये के मकान में रहकर पढ़ाई कर रहा था।मृतक
के पिता दामोदर राय ने बताया कि राजू दो मार्च को होली की छुट्टी में घर आया था और छह मार्च को वापस कटिहार लौट गया था। घटना से करीब 24 घंटे पहले सोमवार देर शाम उनकी बेटे से फोन पर बातचीत भी हुई थी, जिसमें किसी प्रकार की अनहोनी का कोई संकेत नहीं मिला था। बताया जाता है कि मंगलवार सुबह करीब 8:20 बजे पड़ोसी बबलू कुमार ने फोन कर राजू के आत्महत्या करने की सूचना दी। बबलू को यह जानकारी उसी मकान में रहने वाले एक अन्य छात्र ने सुबह करीब 7:30 बजे दी थी।घटना की सूचना मिलते ही सहायक थाना पुलिस और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार बगल के कमरे में रहने वाले दो छात्रों ने दरवाजा तोड़कर पंखे से लटक रहे राजू के शव को नीचे उतारा था। इन दोनों छात्रों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। एसडीपीओ अभिजीत कुमार सिंह ने बताया कि कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


