भागलपुर में भीषण एक्सीडेंट में 4 लोगों की मौत, बस-टेंपो समेत 3 गाड़ियां टकराईं; मची चीख पुकार
भागलपुर जिले में बिहपुर प्रखंड के झंडापुर में मंगलवार शाम बस, टेंपो और मिनी ट्रक की भीषण टक्कर हो गई। हादसे में 4 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल हुए हैं।

बिहार के भागलपुर जिले में मंगलवार को हुए भीषण सड़क हादसे में 4 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा बिहपुर प्रखंड के झंडापुर थाना क्षेत्र के दयालपुर में हुआ। शाम करीब पौने 6 बजे दयालपुर एवं बगरी रेलवे ब्रिज के बीच एनएच 31 पर एक बस, यात्रियों से भरा मैजिक टेंपो और एक मिनी ट्रक में भीषण टक्कर हो गई। इस एक्सीडेंट में लगभग 15 लोगों के घायल होने की सूचना है, इनमें से कुछ की हालत गंभीर है।
जानकारी के अनुसार, बगरी के समीप एक ईंट भट्ठा से करीब 15 की संख्या में मजदूर पिकअप वैन से झंडापुर की ओर आ रहे थे। इसी दौरान बिहपुर की तरफ से खरीक जा रही बस ने तेज गति से पिकअप वैन को सीधी टक्कर मार दी। इसी दौरान मिनी ट्रक भी टकरा गया।
टेंपो में सवार लोग सड़क पर इधर-उधर गिर पड़े। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। हाईवे पर जगह-जगह खून बिखर गया। घटना की सूचना पर झंडापुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को इलाज के लिए बिहपुर सीएचसी ले जाया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो की इलाज के दौरान मौत हो गई। मरने वालों में एक महिला, दो पुरुष और एक बच्चा बताया जा रहा है। वहीं, गंभीर रूप से घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद भागलपुर स्थित जेएलएनएमसीएच मायागंज रेफर कर दिया गया।
बिहपुर सीएचसी में जिन घायलों का इलाज किया गया, उसमें 32 वषीय अरविंद मंडल निवासी समेली कटिहार, 42 वर्षीय बुचो सिंह की पत्नी, खगड़िया जिले के मारर निवासी 11 वर्षीय कुणाल कुमार के रूप में हुई। मृतकों की पहचान की भी कोशिश की जा रही है।
वहीं, दुर्घटना में घायल हुोने वालों में कटिहार जिले के समेली निवासी राहुल कुमार, चंदन कुमार, संतोष कुमार, विजय कुमार, सिकंदर कुमार, राजीव कुमार, सोनू कुमार, मिठ्ठू कुमार, राजेश कुमार, मनोज कुमार, पवन कुमार, टुनटुन दास, महेश शर्मा, बिहपुर के मुरारी ठाकुर व दो महिला कल्पना देवी,शीला देवी समेत अन्य शामिल हैं। कुछ घायल खगड़िया जिले के रहने वाले हैं।
घटनास्थल का मंजर भयावह
जिस जगह यह हादसा हुआ वहां का मंजर काफी भयावह था। टक्कर के बाद लोग इधर-उधर गिरे पड़े दिखाई दिए। किसी के सिर से खून बह रहा था तो कोई दर्द से कराह रहा था। टेंपो भी टक्कर के बाद बुरी तरह पिचक गया। हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ भी जुट गई। पुलिस ने रास्ते से जाम को हटवाया और आवागमन सुचारू किया।
लेखक के बारे में
Jayesh Jetawatजयेश जेतावत बिहार में राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं पर गहराई से नजर रखते हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर के मुद्दे पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। जयेश मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं और लाइव हिन्दुस्तान में 4 साल से बिहार टीम का हिस्सा हैं। इससे पहले ईटीवी भारत, इंडिया न्यूज, वे2न्यूज और टाइम्स ऑफ इंडिया में विभिन्न पदों पर काम कर चुके हैं। समाचार लेखन के अलावा साहित्यिक पठन-लेखन में रुचि है।
और पढ़ें

