भागलपुर शहर में तेजी से फैल रही बाढ़, एनएच 80 बंद; मुंगेर-मिर्जाचौकी फोरलेन पर भी चढ़ा पानी

हिन्दुस्तान टीम, भागलपुर
Follow us on Google News
share

भागलपुर शहर में गंगा नदी की बाढ़ का पानी तेजी से फैलता जा रहा है। मंगलवार को शहर के कुछ और इलाके बाढ़ की चपेट में आ गए। एनएच 80 पर आवागमन बंद है, जबकि मुंगेर-मिर्जाचौकी फोरलेन पर भी पानी चढ़ गया है। 

Bhagalpur flood nh 80 closed
भागलपुर में बिहारीपुर के पास फोरलेन सड़क पर फैला गंगा का पानी (बाएं) और तिलकामांझी भागलपुर यूनिवर्सिटी कैंपस में बाढ़ (दाएं)

बिहार के भागलपुर में बाढ़ की स्थिति बहुत गंभीर बनी हुई है। गंगा नदी के जलस्तर में तेजी बढ़ोतरी से भागलपुर शहर में बाढ़ का पानी तेजी से फैलता जा रहा है। बीते 12 घंटों में जलस्तर में 8 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई। भागलपुर के शहरी क्षेत्र में गंगा से सटे इलाके मानिक सरकार घाट रोड, सखीचंद घाट रोड, आदमपुर बैंक कॉलोनी, कोयला घाट रोड, किलाघाट, नया बाजार आदि मोहल्लों की सड़कों पर पानी बढ़ गया है। यूनिवर्सिटी रोड में नरगा के पास बाढ़ का पानी सड़क के आरपार होने लगा है। इससे लोगों में दहशत का माहौल है। एनएच 80 पर आवागमन रोक दिया गया है। मुंगेर-मिर्जाचौकी फोरलेन हाईवे पर भी बाढ़ का पानी चढ़ गया है। सुल्तानगंज में बाढ़ के पानी में डूबने से मंगलवार को एक बच्चे की जान चली गई।

भागलपुर शहर में गंगा नदी से सटे मोहल्ले आदमपुर बैंक कॉलोनी में संकरी सड़क पर नाव नहीं चलने से लोगों को जुगाड़ टेक्नोलॉजी अपनानी पड़ रही है। लोग वाटर टब का नाव के रूप में इस्तेमाल कर बाजार और हाट जा रहे हैं। सबसे अधिक दिक्कत पीने के पानी की हो गई है। एक बार चार-पांच डिब्बा बंद पानी का गैलन लाकर लोग घरों में रख रहे हैं। दूध-सब्जी जैसे रोजमर्रा के सामान भी नहीं मिल पा रहे हैं।

बाढ़ से परेशान लोग

स्थानीय लोगों का कहना है कि बाढ़ की वजह से दूध वालों ने मोहल्ले में आना छोड़ दिया है। निचले हिस्से में लोग बेंच लगाकर बाहर आ रहे हैं। मोहल्ले के रहने वाले सच्चिदानंद झा ने बताया कि अच्छी बात यह है कि बिजली इन मोहल्ले में अब तक दी जा रही है। इससे थोड़ी राहत है। पानी के चलते कई घरों से बच्चे स्कूल नहीं जा रहे हैं। एक-दो दिन बाद जब पानी उतरने लगेगा तब सड़ांध से मुश्किलें बढ़ जाएगी।

एनएच-80 पर आवागमन बंद

उधर, भवनाथपुर में नेशनल हाईवे 80 पर पानी तीन फीट तक पहुंच गया है। यहां यातायात पर रोक लगा दी गई है। यह सड़क बिहार को झारखंड और पश्चिम बंगाल तक जोड़ती है।

फोरलेन पर आधा फीट पानी

वहीं, मुंगेर मिर्जाचौकी फोरलेन पर भी पानी चढ़ गया है। इसके बावजूद ट्रकों का परिचालन जारी है। नाथनगर के पास फोरलेन हाईवे पर लगभग आधा फीट पानी है, इसके बावजूद वाहनों की आवाजाही बंद नहीं की गई है।

24 घंटे में घटेगा जलस्तर!

प्रशासन ने शहरी क्षेत्र में मवेशियों के साथ आए बाढ़ पीड़ितों के लिए शिविर में भोजन से लेकर चिकित्सा की व्यवस्था की है। एडीएम (आपदा प्रबंधन) कुंदन कुमार ने बताया कि 24 घंटे बाद पानी उतरने का पूर्वानुमान है। पानी उतरने के बाद निगम द्वारा सफाई, चूना, ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराया जाएगा।

सुल्तानगंज में बच्चे की मौत

जिले के सुल्तानगंज में बाढ़ के पानी में डूबने से एक 13 साल के बच्चे की मौत हो गई। वह बाथ थाना क्षेत्र की खानपुर पंचायत अंतर्गत दौलतपुर गांव के वार्ड 5 के वार्ड सदस्य बिपिन कुमार सिंह का इकलौता बेटा था। मृतक का नाम रौनक कुमार था। बताया जा रहा है कि कामधेनु मंदिर के पास बाढ़ के पानी में वह नहाने गया, इसी दौरान मंगलवार को उसकी डूबने से मौत हो गई।

Jayesh Jetawat

लेखक के बारे में

Jayesh Jetawat

जयेश जेतावत एक अनुभवी, जुझारू एवं निष्पक्ष पत्रकार हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं की रिपोर्टिंग एवं संपादन में महारत हासिल है। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। तकनीकी रूप से निपुण जयेश, तथ्यों की बारीकी से जांच कर समयसीमा के भीतर पाठकों तक सटीक खबरें एवं शोध-परक विश्लेषण पहुंचाते हैं। जनसरोकार के मुद्दे उठाना, पेशेवर नैतिकता का पालन करना, समाज एवं मानव कल्याण के प्रति जिम्मेदारी, इन्हें और भी योग्य बनाती है। भाषा पर इनकी अच्छी पकड़ है। जटिल मुद्दों को पाठकों एवं दर्शकों तक आसान शब्दों में पहुंचाना इनकी खूबी है।

जयेश जेतावत मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं। इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से जनसंचार में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इसके बाद ईटीवी भारत में बतौर प्रशिक्षु समाचार संपादक के रूप में काम शुरू किया। फिर इंडिया न्यूज के डिजिटल सेक्शन में विभिन्न बीट कवर की। इसके बाद, वे2न्यूज में बतौर टीम लीडर तीन राज्यों की कमान संभाली। साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े, तब से यहां बिहार की खबरों को कवर कर रहे हैं। जयेश ने टाइम्स ऑफ इंडिया, लाइव इंडिया न्यूज चैनल और सी-वोटर रिसर्च एजेंसी में इंटर्नशिप भी की। पटना से प्रकाशित मैगजीन राइजिंग मगध में समसामयिक विषयों पर इनके लेख छपते रहे हैं। समाचार लेखन के अलावा जयेश की साहित्यिक पठन एवं लेखन में रुचि है, सामाजिक मुद्दों पर कई लघु कथाएं लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi NewsBihar Newsभागलपुर शहर में तेजी से फैल रही बाढ़, एनएच 80 बंद; मुंगेर फोरलेन पर भी चढ़ा पानी