भागलपुर में सगा भाई ही बना कातिल, बाइक पर ले जाकर शूटरों से करवाई भाई की हत्या
Bihar Crime News: भागलपुर में जमीन विवाद में सगे भाई सन्नी ने ही दोस्तों के साथ मिलकर शिवम की हत्या कराई थी। पुलिस ने कॉल रिकॉर्ड्स के आधार पर आरोपी वीरू सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

Bihar Crime News: बिहार के भागलपुर जिले अंतर्गत नाथनगर के मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र से रिश्तों को तार-तार कर देने वाली एक बेहद चौंकाने वाली वारदात का पर्दाफाश हुआ है। पिछले साल 6 अगस्त 2025 की शाम किशनपुर तालाब के पास हुई शिवम कुमार की निर्मम हत्या की गुत्थी को पुलिस ने पूरी तरह सुलझा लिया है। पुलिस तफ्तीश में जो सच सामने आया है, उसने हर किसी के होश उड़ा दिए हैं। जिस भाई की मौत पर पूरा परिवार आंसू बहा रहा था, असल में वही इस पूरे हत्याकांड का मास्टरमाइंड निकला। सगे भाई ने ही भाड़े के शूटरों के साथ मिलकर अपने भाई की जान ले ली।
पिता ने दर्ज कराया था जमीन विवाद का केस
घटना के वक्त मृतक शिवम के पीड़ित पिता, बहबलपुर निवासी संजीव सिंह ने लक्ष्मणबाग के घीघल यादव, जोगी यादव, मिट्ठू और राजा सिंह पर जमीन विवाद में बेटे की हत्या करने का नामजद आरोप लगाया था। लेकिन जब पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई, तो शक की सुई मृतक के सगे भाई सन्नी सिंह पर जाकर टिक गई। पुलिस ने जब सन्नी, विकास यादव और वीरू सिंह को अप्राथमिकी अभियुक्त बनाकर जाल बिछाया, तो परत दर रत पूरी साजिश बेनकाब होती चली गई।
साजिश के तहत बाइक पर बिठाकर ले गया और गोली मरवा दी
पुलिस जांच और सीसीटीवी फुटेज से पता चला कि घटना से कुछ समय पहले शिवम अपने एक हमनाम दोस्त के साथ देखा गया था। दोनों नूरपुर के एक एटीएम से पैसे निकालने गए थे। इसके ठीक बाद मास्टरमाइंड भाई सन्नी सिंह वहां पहुंचा और शिवम को अपनी बाइक पर पीछे बिठाकर ले गया। सन्नी ने जो बाइक इस्तेमाल की थी, वह वीरू सिंह की थी। शिवम को ले जाने के महज 10 मिनट के भीतर ही पास के एक बगीचे की तरफ से ताबड़तोड़ फायरिंग की आवाज सुनाई दी, जहां घात लगाए बदमाशों ने शिवम को गोली मार दी।
CDR खंगालने पर खुला 1.25 बीघा जमीन और पैसों के विवाद का खूनी कनेक्शन
जब पुलिस ने मृतक शिवम के मोबाइल का कॉल डिटेल रिकॉर्ड खंगाला, तो घटना के समय से लेकर लाश मिलने तक विकास यादव और सन्नी सिंह के बीच कई बार हुई बातचीत का खुलासा हुआ। दरअसल, शिवम की करीब सवा बीघा कीमती जमीन विकास यादव के कब्जे में थी, जिसे लेकर पैसों का गंभीर विवाद चल रहा था। शिवम ने उक्त जमीन का एकरारनामा घीघल यादव सहित चार लोगों के साथ किया था। इसी विवाद को खत्म करने के लिए सन्नी ने भीमकित्ता गांव के विकास यादव और बहबलपुर के वीरू सिंह के साथ मिलकर भाई की हत्या की सुपारी दे दी। पुलिस ने आरोपी वीरू सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि विकास पहले ही जेल जा चुका है।


