इंजीनियरिंग कॉलेज में विज्ञान दिवस पर मेधावियों का सम्मान
सर सीवी रमण टैलेंट सर्च टेस्ट 2026 के विजेताओं को पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र दिए गए। राज्य स्तरीय टॉपर को लैपटॉप, जबकि जिला स्तर के टॉपर्स को नकद राशि और मेडल प्रदान किए गए। कार्यक्रम में विज्ञान दिवस मनाया गया और महान वैज्ञानिक सीवी रमण के योगदान की याद दिलाई गई।

सर सीवी रमण टैलेंट सर्च टेस्ट के विजेताओं को मिला पुरस्कार व प्रशस्ति पत्र राज्य स्तरीय टॉपर को लैपटॉप, जिला स्तर के टॉपर्स को नकद राशि और मेडल (युवा पेज) भभुआ, नगर संवाददाता। भगवानपुर प्रखंड के जैतपुर कला स्थित राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय में शनिवार को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर सर सीवी रमण टैलेंट सर्च टेस्ट इन साइंस-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मनित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसमें संस्थान के प्राचार्य, डीन, शिक्षक गण एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के नोडल पदाधिकारी डॉ. अंकित कुमार सिंह ने जानकारी दी कि जिला स्तर पर प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पटना में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में प्रमाण पत्र के साथ क्रमश: 5000 एवं 3000 की पुरस्कार राशि तथा 1000 यात्रा व्यय प्रदान किया गया।
उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर तृतीय से पंचम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को क्रमश: 800, 700 एवं 600 की प्रोत्साहन राशि, मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर महाविद्यालय परिसर में सम्मानित किया गया। छठे से दसवें स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार स्वरूप प्रमाणपत्र एवं मेडल प्रदान किया गया। गौरतलब है कि कक्षा 6 से 12 तक के राज्य स्तरीय टॉपर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले कुल 21 छात्र-छात्राओं को पटना मुख्यालय में आयोजित समारोह में लैपटॉप देकर सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि से न केवल विद्यार्थियों, बल्कि पूरे जिले का गौरव बढ़ा है। डीन डॉ. आत्मा राम गुप्ता ने अपने संबोधन में महान वैज्ञानिक सीवी रमण के योगदान को स्मरण करते हुए बताया कि 28 फरवरी 1928 को उन्होंने ‘रमन प्रभाव’ की खोज की थी, जिसके उपलक्ष्य में प्रत्येक वर्ष 28 फरवरी को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि यह दिवस वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार और शोध की भावना को प्रोत्साहित करने का प्रतीक है। कार्यक्रम में सभी फैकल्टी सदस्य उपस्थिति रहे संस्थान के मीडिया सेल के नोडल पदाधिकारी प्रो. आशुतोष तिवारी ने बताया कि यह कार्यक्रम विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, बिहार तथा बिहार काउंसिल ऑन साइंस एंड टेक्नोलॉजी, पटना के निर्देश पर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में डॉ. संतोष कुमार, डॉ. जितेंद्र कुमार दुबे, डॉ. विवेक राज, डॉ. शरद कुमार दीक्षित, प्रो. सुल्तान अहमद सहित अन्य फैकल्टी सदस्य उपस्थित रहे। समारोह के अंत में सभी प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं और विज्ञान के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया। पूरे आयोजन ने महाविद्यालय परिसर को उत्साह, गौरव और वैज्ञानिक चेतना से भर दिया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



